मोदी सरकार के कृषि से जुड़े तीन विधयकों को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मंजूरी मिलने के बाद कानून बना दिया गया है। बावजूद उसके देश में कृषि कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। इन कानून के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी पंजाब के मोगा में ट्रैक्टर रैली का नेतृत्व करने वाले हैं। इस मेगा रैली का समापन हरियाणा में किया जाएगा।
हरियाणा में रैली के समापन पर राज्य के गृहमंत्री अनिल विज ने अपना बयान देते हुए कहा कि वह राहुल गांधी की ट्रैक्टर रैली को प्रदेश में घुसने की इजाजत नहीं देंगे। दरअसल, राहुल कुरुक्षेत्र में रुकना चाहते हैं। इस रैली में हज़ारों की संख्या में किसानों के शामिल होने की सम्भावना है।
दरअसल, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंद्र सिंह के उस बयान कि हरियाणा में जंगलराज है क्या? का जवाब देते हुए गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा में जंगलराज नहीं बल्कि सही मायनों में राज है। राहुल खुद आना चाहते है तो हजार बार हरियाणा में आए इस पर कोई एतराज नहीं। यदि वे पंजाब से जुलूस लेकर हरियाणा में दाखिल होना चाहते हैं और हरियाणा का माहौल खराब करना चाहते हैं तो उन्हें ऐसा नहीं करने दिया जाएगा।
हरियाणा: धान की फसल की खरीदी में देरी के खिलाफ कुरुक्षेत्र में किसानों ने किया प्रदर्शन
विज ने कहा कि कोरोना काल चल रहा है और डिजास्टर एक्ट लागू है। 100 से ज्यादा लोग इकट्ठा नहीं हो सकते। इससे पहले दो बार हरियाणा में दाखिल होने की कोशिश हो चुकी है और उन्हें हरियाणा में घुसने नहीं दिया गया। अनिल विज ने कहा कि कानून सभी के लिए एक है। ऐसा नहीं है कि आम आदमी के लिए कानून अलग है और राहुल गांधी के लिए अलग। इसलिए राहुल गांधी को पंजाब से जुलूस लेकर हरियाणा में नहीं घुसने दिया जाएगा।
गौरतलब है कि राहुल हाल में ही लागू हुए इन कानून के खिलाफ 3 से 5 अक्टूबर तक पंजाब में चलने वाली मेगा ट्रैक्टर रैलियों का नेतृत्व कर रहे हैं। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी आज से पंजाब के मोगा जिले से ‘खेती बचाओ’ अभियान शुरू करने जा रही है।