भारतीय पुलिस सेवा के सीनियर अधिकारी प्रशांत कुमार अग्रवाल को हरियाणा का नया पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त डीजीपी पीके अग्रवाल ने सोमवार को अपना कार्यभार संभाला। वे सुबह पंचकूला सेक्टर 6 पुलिस मुख्यालय पहुंचे और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद अपना पदभार संभाला।
अग्रवाल ने कहा प्रदेश में भ्रष्टाचार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश में साइबर क्राइम और ड्रग्स पैडलर्स जैसे इन अपराधों से निपटना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को बड़ा संदेश दिया है।
अग्रवाल ने आंदोलनकारी किसानों से कहा है कि वे आंदोलन के दौरान शांति रखें और कानून का पालन करते हुए इसके दायरे में रहें। लोकतंत्र में विरोध करना और अपनी बात रखने का सबको हक है। लेकिन, विरोध का स्वरूप शांतिपूर्वक और कानून सम्मत होना चाहिए। अग्रवाल की रविवार देर शाम ही डीजीपी पद पर नियुक्ति की गई थी। हरियाणा सरकार ने उन्हें मनोज यादव के स्थान पर डीजीपी बनाया है।
बता दे प्रशांत कुमार अग्रवाल मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वो डीजी स्टेट विजिलेंस ब्यूरो के पद पर तैनात थे। प्रशांत कुमार अग्रवाल 30 जून, 2023 को रिटायर होंगे। उन्हें 2004 में पुलिस मेडल और 2015 में राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किए जा चुका है।