रेवाड़ी : हरियाणा विधानसभा में विपक्षी नेता अभय सिंह चौटाला ने आज आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पूरी तरह से विफल हो चुकी है और भाजपा के राज में तीन बार हरियाणा को जलाया गया है लेकिन राज्य सरकार अपनी पीठ थपथपाते नहीं थक रही। श्री चौटाला ने यहां गोयल धर्मशाला में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जो सरकार अपने प्रदेश की जान माल की रक्षा न कर सके उसे सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं, अगर मुख्यमंत्री में जरा भी नैतिकता है तो तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार न तो विकास कर रही न रोजगार दे रही और न ही न क़ानून व्यवस्था संभाल पा रही जिसकी वजह से आये दिन हत्या, लूटपाट एवं फिरौती की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है, अपराधी खुलेआम घूम रहे है और जनता प्रदेश में डरी सहमी हुई रह रही है। इनेलो नेता ने कहा कि पंचकूला में धारा 144 लगाने के बाद भी लाखों की संख्या में लोगों को इका होने दिया गया उससे ये साफ जाहिर हो गया कि भाजपा सरकार नहीं चाहती थी की प्रदेश में शांति व्यवस्था एवं भाईचारा बना रहे। वहीं सतुलज यमुना सम्पर्क (एसवाईएल) नहर को लेकर उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय का फैसला आने के बाद भी सरकार नहर का निर्माण नही कर रही जिसका सबसे ज्यादा नुकसान दक्षिणी हरियाणा को हो रहा है।
श्री चौटाला ने बाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज भाजपा में बड़े नेताओं का दम घुट रहा है, वो दिन दूर नहीं जब भाजपा को ये लोग अलविदा कहेंगे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री इंद्रजीत के बारे चुटकी लेते हुए में कहा कि उनका दम तो भाजपा पार्टी में ही नहीं खुद के घर में भी घुट रहा है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी से पार्टी का जनाधार खत्म हो गया और उसके नेता पार्टी में अपनी खुद की लड़ाई लड़ रहे है, जनता की लड़ाई या अधिकारों की बात करने का समय कांग्रेस के नेताओ के पास नही है।