रोहतक : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस व इनेलो ने जमकर लूट मचाई की है। इस लूट-खसोट का सबसे ज्यादा असर प्रदेश के गरीब परिवारों पर पड़ा है। मुख्यमंत्री सोमवार को महम विधानसभा क्षेत्र में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने खुद के कानून बनाकर जमीन खरीद-फरोख्त में बड़े घोटाले किये। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने इतने पाप किए हैं कि अब उनका जेल में जाना तय है।
भ्रष्टाचार के मामले में प्रदेश का एक पूर्व मुख्यमंत्री पहले ही जेल में है। पिछली सरकारों में सरकारी नौकरियों की भर्तियों में, बदलियो में व लाइसेंस बनवाने आदि में जमकर भ्रष्टाचार किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पहले उन्होंने वायदा किया था कि न खाएंगे और ना खाने देंगे और अब इसमें नया वाक्य जोड़ दिया है कि पहले जिसने खाया है उसका भी निकलवा कर रहेंगे। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि भाजपा की सरकार लुटेरों के चुंगल से निकल चुके हैं हरियाणा प्रदेश को बचाकर रखेगी।
महम के विकास का जिक्र करते हुए नेशनल हाईवे पर बाईपास बनाया गया है। रोहतक-महम-हांसी रेल लाइन बिछाई जाने के लिए भाजपा की सरकार ने पैसा दिया है और जल्द ही यह रेलवे लाइन बनकर तैयार हो जाएगी। इस रेलवे लाइन पर फास्ट ट्रैक रेल गाडियां चलेंगी दिल्ली से हिसार का रास्ता डेढ़ घंटे में कवर हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार ने हिसार में एयरपोर्ट बनाया है और इस एयरपोर्ट से तीन सितंबर से रेगुलर फ्लाइट आरंभ हो जाएंगी और जल्द ही हिसार का एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि हिसार में पायलट ट्रेनिंग सेंटर भी सरकार शुरू करने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 तक सभी पात्र परिवारों को भक्ति मकान उपलब्ध कराए जाएंगे। लोगों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही हर घर में नल के माध्यम से जल पहुंचाया जाएगा। महिलाओं को दी गई सुविधा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर घर में गैस कनैक्शन दिया गया है। सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि भाजपा की राज्य सरकार ने सभी वर्गो के लिए कार्य किये है। सरकार ने परिवारवाद व क्षेत्रवाद की राजनीति से मुक्ति दिलाई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के लिए प्रदेश की अढ़ाई करोड़ जनता ही उनका परिवार है। प्रधानमंत्री मोदी की तरह मुख्यमंत्री मनोहर लाल का भी अपना कोई परिवार नहीं और उन्होंने अपना पूरा जीवन जनता के लिए समर्पित कर रखा है। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी, हिसार के सांसद बृजेंद्र सिंह व राज्य सभा सांसद डीपी वत्स भी मौजूद रहे।