हिसार : हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने कहा कि अपनी सर्वोत्तम खेल नीति के कारण हरियाणा खेलों का हब बन गया है। यहां के बेहतरीन खिलाड़ियों ने विश्व में भारत का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पूरा प्रदेश गौरवांवित है। महामहिम राज्यपाल ने यह बात महाबीर स्टेडियम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति तृतीय अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाडिय़ों व दर्शकों को संबोधित करते हुए कही।
इस मौके पर खेल मंत्री अनिल विज, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व टोहाना विधायक सुभाष बराला, राज्यसभा सांसद डा. डीपी वत्स व खेल विभाग के प्रधान सचिव अशोक खेमका भी उपस्थित थे। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाडिय़ों का परिचय लेते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने राज्यपाल व खेल मंत्री को पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत व अभिनंदन किया। इस दौरान पुलवामा में शहीद हुए सैनिकों को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों ने भव्य मार्च पास्ट किया। खिलाडिय़ों को नशे से दूर रहते हुए खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान कबड्डी खेल पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दर्शकों को दिखाई गई। उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध गायकों व कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। हिसार में पहली बार आगमन पर हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कबड्डी प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा करते हुए राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने देशभर से आए खिलाडिय़ों का अभिनंदन किया।
– राज पराशर