नरवाना : कुरूक्षेत्र के भाजपा सांसद एवं लोकतंत्र सुरक्षा मंच के नेता राजकुमार सैनी बुधवार सायं श्री विश्वकर्मा धर्मशाला में पहुंचे जहां उन्होंने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की ढुलमुल नीतियों ने देश का बंटाधार कर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी ने पिछड़ों का हित नहीं चाहा। सैनी ने लोगों को दो सितंबर को पानीपत में प्रस्तावित अपनी रैली में पहुंचने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि अगर नेहरू के स्थान पर सरदार पटेल को देश का पहला प्रधानमंत्री बना दिया होता तो न पाकिस्तान होता और न ही देश का भारी भरकम बजट रक्षा में खर्च होता।
पाकिस्तान के बार्डर पर खर्च होने वाला बजट गरीब लोगों के काम आता और देश अग्रणी पंक्ति में खड़ा होता। उन्होंने युवाओं के रोजगार को देश की सबसे बड़ी समस्या बताया। उन्होंने कहा कि आज चीन का 80 प्रतिशत युवा रोजगार कर रहा है जबकि भारत का 80 प्रतिशत युवा बेरोजगार है। उन्होंने कहा कि देश की 70 वर्ष की आजादी में 55 वर्ष देश में कांग्रेस का शासन रहा। आजादी के बाद से गरीबी हटाओ के नारे लगते रहे क्या गरीबी हट पाई। उन्होंने परिवारवाद पर भी जमकर हमले बोले।
हरियाणा में जाति विशेष का राज : राजकुमार सैनी
उन्होंने कहा कि नेहरू की पांचवीं पीढ़ी शासन मांग रही है क्यों क्या करेंगे। चौटाला परिवार पर जमकर हमला करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में पिता पुत्र जेल में बंद है और भ्रष्टाचार खत्म करने की बात कर रहे हैं। इस अवसर पर मंच के राष्ट्रीय महासचिव रामराजी शर्मा,हलका अध्यक्ष चंद्रमोहन वाल्मीकि, प्रभारी कुलवंत व्यास, महेंद्र पांचाल बालू वाले, सतीश जांगड़ा, ओमदत्त शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
– बिन्टू श्योराण