सिरसा : डेरा सच्चा सौदा के आय के स्रोत की जानकारी और अन्य वित्तीय स्रोत के संबंध में हाई कोर्ट के निर्देश के बाद जांच तेज कर दी है। रोहतक स्थित आयकर विभाग के मुख्यालय ने कई जिलों से डेरे से जुड़ी संपत्तियों की जानकारी मांगी है। इस संबंध में उन जिलों के प्रशासन को पत्र जारी किया गया है।
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार जिला उपायुक्तों से कहा गया है कि उनके जिले में डेरा से जुड़ी संपत्ति की जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जाए। देश के कई हिस्सों में डेरा सच्चा सौदा के नामचर्चा घर, डेरे तो कहीं कैंटीन व अन्य संस्थान बनाए गए हैं। सिरसा में तो डेरे की ओर से कॉलेज, स्कूल, फैक्ट्रियां, होटल, डेयरी व कई दूसरे बड़े बिजनेस किए जा रहे हैं। दूसरे जिलों में भी डेरे की काफी संपत्तियां हैं।
इन सभी संपत्तियों की जानकारी मांगी गई है। इसके बाद संपत्ति की खरीद के लिए वित्तीय स्रोतों की जानकारी भी जुटाई जाएगी। संपत्ति के अलावा डेरे के दूसरे व्यवसायों के बारे में भी आयकर विभाग को जानकारी देने को कहा गया है। डेरे से जुड़े बैंक खातों की भी जानकारी मांगी गई है। हालांकि आयकर विभाग सिरसा से बैंक खातों सहित बैंकों से संबंधित फर्मों की पूरी रिपोर्ट पहले ही हासिल कर चुका है।
बता दें कि डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को साध्वी यौनशोषण मामले में 25 अगस्त 2017 को दोषी ठहराने के साथ ही कई स्थानों पर हिंसा फैल गई थी। अनेक स्थानों पर तोडफ़ोड़ हुई और संपत्ति को जला दिया गया। इसके बाद से ही डेरे के सभी खाते हाई कोर्ट के आदेश पर सील कर दिए गए और वित्तीय स्रोतों की जानकारी के लिए जांच के आदेश दिए गए। इसके बाद से ही यह मामला आयकर विभाग के पास पहुंचा है।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।