चंडीगढ़ : हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने सैलून मैनेजर से छेड़छाड़ और उगाही के मामले में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक मनोज यादव को निर्देश दिये हैं कि महिला आईपीएस से जांच करवाई जाए। जिसके बाद डीजीपी ने पुलिस महानिरीक्षक भारती अरोड़ा को मामले की जांच सौंप दी है। पंचकूला पुलिस द्वारा इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई ना करने और महिला के सीआरपीसी की धारा 164 के ब्यान सार्वजनिक करने के बाद अब भारती अरोड़ा सभी पहलुओं पर दोबारा जांच करेंगी।
सेक्टर 5 मनसा देवी कंप्लेक्स स्थित आईलैश ब्यूटी सैलून में एक होमगार्ड जवान जश्नपाल द्वारा मनसा देवी कंप्लेक्स के थाना प्रभारी रविकांत शर्मा के कहने पर महिला मैनेजर से 10 हजार रुपये उगाही और छेडछाड़ की सैलून मालिक पंकज शर्मा द्वारा शिकायत के बाद रविकांत एवं जश्नपाल पर केस दर्ज किया था। इस मामले की वीडियो सार्वजनिक होने के बाद हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने वीरवार को हरियाणा के डीजीपी मनोज यादव से फोन पर प्रकरण के बारे मेें जानकारी ली।
जिसके बाद पंचकूला पुलिस कार्रवाई पर अनिल विज ने असंतोष जताया और किसी अन्य महिला आइपीएस से जांच करवाने के लिये कहा। अनिल विज ने साथ महिला के ब्यान सार्वजनिक करने पर पंचकूला के डीसीपी कमलदीप गोयल पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिये है। मनोज यादव ने बताया कि शिकायत 10 दिसंबर को डीजीपी ऑफिस में पंकज शर्मा ने शिकायत दी थी, जिसके बाद कमिश्नर पंचकूला को मार्क की।