चंडीगढ इनेलो नेताओं का कांग्रेस में शामिल होने का सिलसिला थम नहीं रहा। इसी कड़ी में आज इनेलो के कैथल जिलाध्यक्ष कंवरपाल अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में विश्वास प्रकट करते हुए कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। इस अवसर पर सीडब्ल्यूसी सदस्य दीपेन्द्र हुड्डा मौजूद थे। विधानसभा चुनाव के बाद से लगातार इनेलो के नेताओं का कांग्रेस में शामिल होने का सिलसिला जारी है।
ज्ञात रहे कि पिछले ही हफ्ते युवा इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष जस्सी पेटवाड़ अपने समर्थकों और अनेकों पार्टी पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए थे। कांग्रेस पार्टी का हाथ थामने वाले कंवरपाल ने कहा कि चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा एवं दीपेन्द्र हुड्डा का नेतृत्व ही प्रदेश में भाजपा के कुशासन से छुटकारा दिला सकता है।
आज दिल्ली स्थित अपने आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सभी लोगों का कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया और उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान देने का भरोसा दिया। इस दौरान सीडब्ल्यूसी सदस्य दीपेन्द्र हुड्डा ने सभी साथियों का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि भाई कंवरपाल संघर्षशील रहे हैं और इनके आने से पूरे कैथल जिले में और आस-पास के जिलों में कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिलेगी। भाजपा और जजपा के खिलाफ आने वाले समय में जो लड़ाई लड़ी जायेगी उसमें इनकी भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा के लोगों के गले से ये सरकार उतर नहीं रही है। यह सरकार जनभावनाओं का विरोध कर बनी है। जनादेश को अस्वीकार करके गठबंधन बनाया गया है।
जिसका आम लोगों से कोई सरोकार नहीं है। ऐसे में सही विचार के लोगों में यह भावना है कि हरियाणा को आगे बढ़ाने की लड़ाई भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ही लड़ सकती है। इसी भावना के साथ कंवरपाल ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया। गृह विभाग से सीआईडी को अलग करने के फैसले पर टिप्पणी करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में मौजूदा सरकार तीन टांगों वाली कुर्सी के समान हो गयी है। पहली टांग भाजपा की, दूसरी जजपा की और तीसरी आजाद विधायकों की है और ये तीनों टांगें हिल रही हैं।
जहां भाजपा में गृह मंत्री अपने ही मुख्यमंत्री से सीआईडी पर लड़ाई लड़ रहे हैं, दूसरी ओर जजपा के वरिष्ठ विधायक उप-मुख्यमंत्री के खिलाफ खुलकर बयानबाजी कर रहे हैं। सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। बिना सीआईडी के गृह विभाग वैसे ही है जैसे बिना गोली के बंदूक जो सिर्फ दिखावेभर की रह गयी है। हरियाणा में अब सबको पता चल गया है कि इस बंदूक से गोली निकाल ली गयी है।
यही कारण है कि प्रदेश की जनता का कोई काम नहीं हो रहा है। उन्होंने तंज कसा कि तीन टांगों वाली उस कुर्सी से कैसे काम हो सकता है जब तीनों टांगें ही चरमरा गयी हों। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि अब समय आ गया है कि प्रदेश की जनता एकजुट होकर इस जनविरोधी भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का काम करें, क्योंकि आज हरियाणा का हर वर्ग इस सरकार से पीड़ित है।
भाजपा सरकार ने किसान, मजदूर, युवा, व्यापारी, कर्मचारी सभी का जीना मुहाल कर दिया है। देश और प्रदेश में भयानक बेरोजगारी छायी हुई है। युवा रोजगार की तलाश में दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। भाजपा सरकार की दिशाहीन नीतियों के चलते अर्थव्यवस्था गर्त में डूब गयी है। आर्थिक संकट इस कदर गहरा चुका है कि नयी नौकरियां मिलनी तो दूर की बात है, जिनके पास पहले से नौकरी थी वो भी बड़ी संख्या में जा रही हैं। ऐसे में युवाओं को अपना भविष्य अंधकार में दिखायी दे रहा है।