चंडीगढ़ : हरियाणा की बागडोर एक बार फिर से महिला आईएएस अधिकारी के हाथों में जाने वाली है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी केशनी आनंद अरोड़ा हरियाणा की नई मुख्य सचिव होंगी। संभ्वत सोमवार को वह अपना कार्यभार संभालेंगी। उधर हरियाणा सरकार ने ढेसी को नई नियुक्ति देने की तैयारी कर ली है। साढ़े चार साल से मुख्य सचिव के पद पर तैनात डीएस ढेसी रविवार को सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
1982 बैच के आईएएस ढेसी को आईएएस एसोसिएशन द्वारा शुक्रवार को ही अंतिम कार्य दिवस के चलते विदाई पार्टी दे चुकी है,जबकि औपचारिक रूप से वह 30 जून को सेवानिवृत्त होंगे। केसरी आनंद अरोड़ा उनका स्थान लेंगी। 1983 बैच की आईएएस अरोड़ा वर्तमान में वित्तायुक्त और राजस्व एवं प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं। अरोड़ा हरियाणा की 33वीं मुख्य सचिव होंगी। केशनी आनंद अगले साल 30 सितंबर तक अपनी रिटायरमेंट तक मुख्य सचिव के पद पर सेवाएं देंगी।
रविवार को ही डीएस ढेसी के अलावा 1988 बैच के आईएएस और उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल कुमार भी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विश्वस्त अफसरों में शुमार ढेसी को सरकार सेवा का अधिकार आयोग का मुख्य आयुक्त बनाने की तैयारी में है। आयोग में पूर्व मुख्य आयुक्त एससी चौधरी के रिटायर होने के बाद से ही यह पद रिक्त है। ढेसी रेपिड मैट्रो रेल गुरुग्राम लिमिटेड के लिए गठित यात्रा भाड़ा निर्धारण कमेटी के सदस्य भी बने रहेंगे।
अगली मुख्य सचिव बनने जा रहीं केशनी आनंद अरोड़ा प्रदेश की पांचवीं महिला मुख्य सचिव होंगी। उनकी बड़ी बहन मीनाक्षी आनंद चौधरी हरियाणा की पहली महिला मुख्य सचिव थी, जबकि दूसरे नंबर की बहन उर्वशी गुलाटी भी मुख्य सचिव रही। इसके अलावा प्रोमिला ईस्सर और शकुंतला जाखू भी हरियाणा में मुख्य सचिव पद की शोभा बढ़ा चुकी हैं।
(आहूजा/राजेश)