हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कश्मीरी लड़कियों के संबंध में दिए अपने बयान पर सफाई देते हुए शनिवार को कहा कि उनके इस बयान का गलत मतलब निकाला गया। मुख्यमंत्री ने सोनीपत में एक कार्यक्रम के दौरान अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा, ‘‘बेटियां सभी की एक समान होती हैं। मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया है।’’
खट्टर के विवादित बयान पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने उनसे माफी मांगने की मांग की। जयहिंद ने कहा, ‘‘चुनाव जीतने के लिए भाजपा कोठे भी खुलवा सकती है…।’’
उन्होंने कहा कि बहन-बेटी सबकी बराबर होती है। उन्होंने पांच साल में कितनी शादियां करवाई हैं? यह बताएं। गौरतलब है कि खट्टर ने शुक्रवार को यह कह कर विवाद खड़ा कर दिया कि अब हरियाणा के लोग कश्मीर से दुल्हन ला सकेंगे। उनका इशारा जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को खत्म किये जाने की ओर था।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को फतेहाबाद में एक कार्यक्रम में कहा, ‘अगर लड़कियों की तादाद लड़कों से कम हो तो दिक्कतें हो सकती हैं। हमारे (ओ पी) धनखड़जी ने (2014 में) कहा था कि उन्हें (दुल्हनों को) बिहार से लाना होगा। लेकिन कुछ लोगों ने कहा, कश्मीर खुला है, लिहाजा उन्हें (दुल्हनों को) वहां से लाया जाएगा। लेकिन मजाक से हटकर, सवाल यह है कि अगर अनुपात (लिंगानुपात) सही रहे तो समाज में संतुलन ठीक रहेगा।’


Download Android App
Download iOS App



