पानीपत : किसानों की प्रमुख मांगों को लेकर शुक्रवार को परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुरेश दहिया व अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। ताकि किसान यूनियन के 7 अप्रैल को इसराना के चौ. छोटू राम किसान भवन में होने वाले विरोध प्रदर्शन को किसी तरह से टाला जा सके। क्योंकि उसी दिन इसराना की नई अनाज मंडी में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की रैली है। यह बैठक परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार के छोटे भाई रोहताश पंवार के पानीपत में असंध रोड स्थित निवास पर हुई।
इस मौके पर परिवहन मंत्री पंवार व भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें किसानों से बातचीत करने को कहा है। वहीं कृष्ण लाल पंवार ने किसान यूनियन के पदाधिकारियों से किसानों की प्रमुख मांगों के बारे में पूछा तो जिला प्रधान सुरेश दहिया ने बताया कि उत्तराखंड के इकाबलपुर शुगर मिल में पानीपत सहित प्रदेश के किसानों की पिछले साल की गन्ने की करीब 36 करोड़ रूपये पेेमेंट बकाया है और हरियाणा सरकार चाहे तो इसमें वहां के मुख्यमंत्री को कहकर मदद कर सकती है।
वहीं हांसी नहर के टूटने से गांव कवि व जोशी के किसानों की करीब 1500 एकड़ धान की फसल बर्बाद हो गई थी, उसका मुआवजा दिया जाए और नहरी विभाग की और से किसानों को जो तवान के नोटिस दिए है, उन्हें वापस लिया जाए। किसानों के ट्यूबवैल कनैक्शन पर बिजली निगम ने जो शर्ते लगाई है, उन्हें हटाया जाए।
वहीं पानीपत के किसानों का पूरा गन्ना लेने तक पानीपत शुगर मिल चलते रहना चाहिए। जिन किसानों ने सरसो का रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है, उनकी सरसो भी 4200 रूपये में ही खरीदी जाए। किसान यूनियन पदाधिकारियों की मांगों पर परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने आश्वासन दिया कि वे इस बारे में मुख्यमंत्री से बात करेंगे।