रेवाड़ी : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज का कार्यक्रम अपने आप में विशेष है। यह कार्यक्रम विश्व रिकॉर्ड बनाएगा। प्रधानमंत्री ने एक साथ 15 हजार स्थानों पर एक करोड कार्यकर्ताओ को संबोधित किया तथा वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने गुजरात चुनाव के दौरान 10 वर्ष पूर्व वीसी के जरिये अपना संबोधन दिया था, जो कि एक रिकार्ड था।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीरवार को रेवाडी अनाज मण्डी में ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ संगठन संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक-2 के जरिये पूरे विश्व को अपनी ताकत बता दी है तथा पाकिस्तान को एक सबक सिखाने का काम किया है। लिहाजा पूरी दुनिया में आज पाकिस्तान अकेला रह गया है। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम भाजपा द्वारा कार्यक्रम स्थल पर रखी गई भारत के मन की बात- मोदी जी के साथ सुझाव पेटिका में अपना संकल्प पत्र डाला।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज अपना 56 इंच का सीना दिखा दिया कि इस सीने में कितनी आग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने शहीदों के 273 आश्रितों को नौकरी दी है। किसानों के लिए सरकार ने कई बड़ी योजना शुरू की है। मख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार आते ही हरियाणा में पिछले साढे चार साल में विकास की लहर आई है। उन्होंने कहा कि आमजन की जरूरतो को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार ने अभूतपूर्व विकास कार्य कराये है।
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा कृषि, शिक्षा, खेल सहित हर क्षेत्र में आगे है। आज हरियाणा जय जवान-जय किसान और जय पहलवानों का प्रदेश है। उन्होंने कहा कि कॉमन वैल्थ खेलों में भारत ने जहां 66 मेडल अपनी-अपनी क्चेाल विधाओ में जीते है जिनमें अकेले 22 मेडल हरियाणा के रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता मजबूत है, लोकसभा चुनाव सिर पर है। ऐसे में कार्यकर्ता प्रतिदिन का डे-प्लान तैयार करके संगठन की मजबूती में जुट जाएं।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओ को चुनावी जीत का मंत्र देते हुए कहा कि कार्यकर्ता को साधन बनकर आमजन को बूथ तक पहुंचाना है और प्रदेश की सभी 10 लोक सभा सीटो पर भाजपा प्रत्याशी की जीत तय करने की दिशा में काम करना है। इस मौके पर हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियान्त्रिकी मंत्री डॉ बनवारी लाल, विधायक रेवाडी रणधीर सिंह कापडीवास, विधायक कोसली बिक्रम सिंह यादव, उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा, एसपी राहुल शर्मा, एडीसी प्रदीप दहिया, एसडीएम अलका चौधरी, संदीप जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा अरविंद यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष योगेन्द्र पालीवाल, गुरूग्राम लोकसभा निगरानी समिति के संयोजक लक्ष्मण यादव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
– शशि सैनी