घरौंडा : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी रेडियो झूठिस्तान है, वो केवल लोगों को बहकाने का काम करती है। जहां कांग्रेस हार जाती है, वहांं ईवीएम मशीन पर ठीकरा फोड़ देती है। सीएम मनोहर लाल घरौंडा अनाज मंडी में विजय संकल्प रैली को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि अब लड़ाई राष्ट्रद्रोह व राष्ट्रवाद के बीच है। देश हमें जान से प्यारा है,देश रहेगा तो विकास हो ही जाएगा। उन्होने कहा कि प्रदेश के जवान व किसान देश की सेवा में अग्रणी है।
देश की कुल दो प्रतिशत की आबादी के प्रदेश हरियाणा से सेना में दस प्रतिशत जवान है। जबकि अन्न के भंडार भरने में प्रदेश अग्रणी राज्यों में है। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार ने 18 फसलों पर एमएसपी दिया है। भावांतर भरपाई योजना, किसान बीमा योजना व अन्य अनेक योजनाओं के माध्यम से किसानों का भला करने की कौशिश की गई है। सन् 2022 तक हर सर पर छत व किसानों की आमदनी दुगुनी करने की कौशिश की जाएगी।
उन्होने कहा कि भाजपा सरकार ने हर घर की रसाई में गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम किया है। साथ ही कहा कि युवाओं को 60 हजार रोजगार बिना खर्ची व बिना पर्ची के दिए हैं। ये युवा प्रदेश की व्यवस्था को बदलने का काम करेगें। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विपक्षियों पर तंज कसते हुए मजाकिया लहजे में हरियाणवी में कहा कि ये कुछ भी कर ले, आवैगा तो मोदी ही। उन्होने कहा कि लोकसभा सांसद से ये अपेक्षा नहीं करनी चाहिये कि वो गांव-गांव, गली-गली जाए।
साल के 365 दिन में से करीब 200 दिन सांसद को संसद में बैठना पड़ता है। विधायक से इस तरह की उम्मीद की जा सकती है। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार ने नए कार्यो के साथ कांग्रेस सरकार के अधूरे छोड़े कार्यो को भी पूरा किया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री राम मन्दिर,धारा 370 व कालेधन के सवालों को टाल गए।
– सुरेन्द्र पांचाल