चंडीगढ : आगामी विधानसभा चुनाव में मिशन 75 पार के लिए कमर कस चुकी भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा को मजबूती के साथ जमीन पर उतारने का खाका तैयार कर लिया है। प्रदेश में माहौल बनाने की दिशा में इस अहम कदम के लिए व्यवस्था प्रमुख, टोली प्रमुख से लेकर एक-एक दिन की यात्रा के प्रमुख भी नियुक्त किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक आमजन को भाजपा विचारधारा के साथ जोडा जा सके।
प्रदेश में आचार संहिता लगने से पूर्व ही भाजपा पूरे प्रदेश में हर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से पहुंचने की पूरी तैयारी कर चुकी है। प्रदेश व्यवस्था टोली की अगुवाई प्रदेश महामंत्री करेंगे जबकि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कैथल व कुरूक्षेत्र जिला में यात्रा की व्यवस्था देखेंगे, जबकि सांसद नायब सिंह सैनी करनाल, पानीपत, सोनीपत व जींद, विधायक डा कमल गुप्ता सिरसा, फतेहाबाद व हिसार, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद यादव फरीदाबाद, मेवात, गुरूग्राम, पलवल, रेवाडी व महेंद्रगढ व जेपी दलाल भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक व झज्जर जिला की व्यवस्था संभालेंगे।
यात्रा के सुनियोजित संचालन के लिए संबंधित जिलाध्यक्ष जिला व्यवस्था प्रमुख बनाए गए हैं। इसी प्रकार यात्रा समापन पर विजय संकल्प रैली के प्रमुख के तौर पर संयुक्त रूप से प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल एवं राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर, प्रचार-प्रसार टोली जवाहर यादव, साहित्य निर्माण टोली प्रमुख भारत भूषण मिड्डा, रथ व्यवस्था व सज्जा प्रमुख प्रवीण जैन व नितिन नारंग, मीडिया व्यवस्था टोली में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन, अमित आर्य, सूरजपाल अम्मू, राजीव जेटली व रणदीप घनघस, सोशल मीडिया अरूण यादव व पुनीत अरोडा, कार्यकर्ता व सहयोगी भोजन प्रमुख जीएल शर्मा, कार्यकर्ता एवं सहयोगी आवास व्यवस्था प्रमुख विशाल सेठ, यात्रा रूट सज्जा व यात्रा सज्जा प्रमुख मनीष यादव, चिकित्सा टोली डा वेद बैनीवाल, प्रेरक गीत प्रमुख संजय भसीन की जिम्मेदारी तय की गई है।