हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सरकार में शामिल किए गए छह कैबिनेट और चार राज्य मंत्रियों को आज सचिवालय में कार्यभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री खट्टर ने मंत्रियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी मंत्री अपने विभागों का कार्य सुचारू रूप से करेंगे तथा पुराने मंत्रियों से उनके अनुभवों का लाभ उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य के गृहमंत्री अनिल विज, सहकारिता मंत्री बनवारी लाल तथा बिजली मंत्री रणजीत सिंह पहले भी मंत्री रह चुके हैं। ऐसे में उन्हें विभागीय कार्यप्रणाली तथा जनता की समस्याओं का समाधान करने के दौरान पुराने अनुभवों का फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘हमारी सरकार का इस बार दूसरा कार्यकाल है। मंत्री परिषद टीम बहुत योज्ञ है तथा इसमें संतुलन बनाने का पूरा प्रयास किया गया है।
हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर अपने-अपने मंत्रालय का कार्यभार संभालने पर मंत्रीगणों को बधाई दी।
प्रदेश के कल्याण में आप सभी निरंतर कार्यरत रहेंगे, ऐसा मुझे विश्वास है। pic.twitter.com/O13hs750ko
— Manohar Lal (@mlkhattar) November 15, 2019
‘‘उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक सोमवार को हो सकती है। इस अवसर पर मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीरपाल सरो भी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि मंत्रिमंडल के गत 14 नवम्बर को किए गए पहले विस्तार में सर्वश्री अनिल विज, कंवरपाल गुर्जर, मूलचंद शर्मा, जय प्रकाश दलाल, रणजीत सिंह और बनवारी लाल को कैबिनेट तथा ओम प्रकाश यादव, अनूप धानक, हॉकी इंडिया के पूर्व कप्तान एवं विधायक संदीप सिंह तथा श्रीमती कमलेश ढांडा को राज्यमंत्री बनाया गया था। इनमें अनिल विज और बनवारी लाल लगातार दूसरी बार मंत्री बने हैं।