जींद : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर नेे कहा कि प्रदेश और केंद्र में सत्तासीन भाजपा सरकार ने मोदी मॉडल के नाम पर देश को खूब लूटा, जिस दिन लोकसभा चुनाव घोषित हुये वह दिन मोदी सरकार की लूट का अंतिम दिन था। जनता इन चुनावों का बेसब्री से इंतजार कर रही है, ताकि देश से भाजपा सरकार को चलता कर सके। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है, इस बार कांग्रेस की सरकार बनेगी और राहुल गांधी प्रधानमंत्री होंगे।
उन्होने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में जल्द ही अपने सभी दसों सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर देगी, जिसके लिए पार्टी प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने स्तर पर फीडबैक लिया है। लोकसभा चुनाव में कांगे्रस पार्टी मजबूत और आम जनता से जुड़े उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारेगी। प्रदेश कांग्रेस में आपसी फूट के सवाल पर उन्होने कहा कि नो फूट, कांग्रेस एकजुट। सभी कांग्रेसी एकजुट होकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बदले जाने की अटकलों को निराधार करार देते हुए तंवर ने कहा कि जनता के सहयोग से अब केंद्र से मोदी और प्रदेश से खट्टर को हटाना है। डा. तंवर ने केंद्र सरकार पर लोकसभा चुनावों को एक सप्ताह देरी से घोषित करने के आरोप लगाते हुए कहा कि चूंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई परियोजनाओं का शिलान्यास करना था इसीलिए आचार संहिता लगाने में देरी की गई। उन्होंने कहा कि बीजेपी तानाशाही रवैया अपनाकर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है।
बीजेपी देश को तानाशाही की तरफ लेकर जा रही है, जबकि कांग्रेस ने देश व प्रदेश में जिम्मेवार विपक्ष की भूमिका निभाकर बीजेपी के काले कारनामें देश की जनता के सामने उजागर किए। तंवर ने कहा कि आज देश में कर्मचारी, व्यापारी, दलित, पिछड़े, मजदूर, गरीब, महिलाएं, युवा सब बदलाव के मूड में है।