अम्बाला : अम्बाला छावनी के दाल बाजार के निकटस्थ ऑयल मिल में रोज की तरह कोल्हू मशीन से तेल निकालने का काम चल रहा था। इसी बीच एक तेज चीख सुनाई दी और इलाके में अफरातफरी मच गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता मशीन ने काम कर रहे युवक को खींच कर अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना हृदय विदारक था कि युवक का सिर कटकर जमीन पर गिर गया और शरीर मशीन में फंस गया। ऑयल मिल में काम करने वाले अन्य लोग यह देख कर हैरान हो गए। घटना शनिवार देर शाम की है। मृतक की पहचान बाजीगर कालोनी अम्बाला छावनी के निवासी 23 वर्षीय विजय के रूप में हुई है। मृतक अनाज मंडी में शिव चरन सुरेश कुमार फर्म के तेल के कोल्हू में काम करता था। उसके साथ काम करने वाले लोगों का कहना है कि वह तेल निकालने के लिए मशीन में सरसों डाल रहा था।
इसी दौरान अचानक उसका एक हाथ मशीन की चपेट में आ गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मशीन ने युवक विजय को अपनी तरफ खींच लिया। वह मशीन में इतनी बुरी तरह से फंस गया कि उसका सिर कटकर धरती पर गिर गया और धड़ मशीन में फंसा रह गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक विजय के परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। गुस्साए परिजनों ने विजय की मौत का जिम्मेदार ऑयल मिल के मालिकों को ठहराते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। हादसे की सूचना मिलते ही अम्बाला छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के परिजन ऑयल मिल मालिक को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे और विजय का शव लेने से मना कर दिया। पुलिस ने परिजनों को ठोस जांच और कार्रवाई का भरोसा देकर कर शांत करवाया।
पुलिस ने युवक के शव को मशीन से निकलवा कर उसे शवगृह में रखवा दिया। मृतक युवक के परिजन शनिवार देर रात तक कैंट थाने में अपना बयान दर्ज करवाते रहे। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपी संदीप निवासी दाल मण्डी अम्बाला छावनी को गिरफ्तार कर थाना अम्बाला छावनी में मामला दर्ज किया। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया और न्यायालय के आदेशानुसार जमानत पर रिहा किया गया।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
(राजेन्द्र भारद्वाज)