करनाल: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांभली गांव में महाराजा अग्रसैन परिवार वृद्धाश्रम की आधारशिला रखी गई। समाजसेवी दौलतराम गर्ग व जयकुमार गर्ग की याद में इस वृद्ध आश्रम का निर्माण किया जा रहा है। लिबर्टी ग्रुप के एमडी शम्मी बंसल, सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग व पूर्व विधायक जयप्रकाश गुप्ता ने संयुक्त तौर पर आश्रम की आधारशिला रखी। इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां भी मनाई गई। एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर आजादी का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। जनता हाई स्कूल के बगाों ने सांस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
शम्मी बंसल ने कहा कि वृद्ध आश्रम का निर्माण करवा कर राजिंद्र गुप्ता और उनके परिवार ने नेक और सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हमें बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए। बुजुर्गों के आशीर्वाद से ही जीवन में सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि वृद्ध आश्रम के निर्माण में लिबर्टी ग्रुप, आल इंडिया वैश चैरिटेबल ट्रस्ट और कोर ग्रुप हर संभव सहयोग करेगा। वृद्ध आश्रम के प्रबंधक राजिंद्र गुप्ता ने कहा कि आश्रम का भव्य निर्माण किया जाएगा। आश्रम प्रबंधन किसी भी प्रकार से धनराशि नहीं लेगा। बुजुर्गो की सेवा करने के लिए आश्रम बनाया जा रहा है। इस अवसर पर सुरेश गुप्ता मतलौडा, डा. राजीव गुप्ता, सतीश गुप्ता एडवोकेट, कृष्ण कुमार गोयल, भगतराम गुप्ता, जगदीश चंद गर्ग, आशा गोयल, राधेश्याम गर्ग, दीपक गोयल, विनोद गुप्ता, बृज लाल गर्ग, सुनील गुप्ता, घनश्याम दास, पंकज गोयल व राजकंवल गर्ग सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।
– आशुतोष गौतम, महिन्द्र