बीजेपी ने हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ को राज्य का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह नियुक्ति की। धनखड़ सुभाष बराला स्थान लेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने इस संबंध में पत्र जारी किया।
ओम प्रकाश धनखड़ बीजेपी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बीजेपी ने जाट नेता सुभाष बराला के बाद दूसरे जाट नेता ओपी धनखड़ पर विश्वास जताते हुए यह नियुक्ति की है। हरियाणा की किसान आधारित राजनीति में एक किसान चेहरे को आगे लाना भी बीजेपी के लिए फायदे का सौदा माना गया।
राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर गैर जाट समुदाय से आते हैं। हालांकि, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बराला भी जाट समुदाय से ही थे। साल 2014 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद धनखड़ को खट्टर सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया था। हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
बराला भी चुनाव हार गए थे। बीजेपी किसान मोर्चा के दो बार राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे धनखड़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के राष्ट्रीय समन्वयक भी रहे हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में धनखड़ ने तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ रोहतक से चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह हार गए थे।