महेन्द्रगढ़ : प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को महेन्द्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव खुडाना में आइएमटी की आधारशिला रख कर इस क्षेत्र को एक बड़ी सौगात दी है। उन्होंने 452 करोड़ रुपए की आइएमटी सहित विभिन्न 12 विकास परियोजनाओं की आधारशिला रैली स्थल से ही रखीं। इसके बाद शिलान्यास स्थल पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महेन्द्रगढ़ में आइएमटी स्थापित करने के लिए पिछले दो वर्षों से संभावनाओं को तलाशा जा रहा था जो आज पूरा हो गया। खट्टर ने कहा कि 960 एकड़ में बनने वाली इस परियोजना पर लगभग 200 करोड़ रूपये की लागत आयेगी। उन्होंने कहा कि हर साल युवाओं की फौज तैयार हो जाती है जिनको रोजगार देना सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण कार्य होता है। उन्होंने कहा कि आइएमटी के स्थापित हो जाने से उद्योग धंधे स्थापित होंगे जिनके माध्यम से हजारों लोगों को को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी प्रकार महेन्द्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी कस्बा में 12 सौ एकड़ भूमि पर लॉजस्टिक हब का कार्य तेज गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि महेन्द्रगढ़ जिले को विकास के मामले किसी भी प्रकार से पीछे नहीं छोड़ा है। इसी जिले के गांव कोरियावास में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रख दी गई जिसका निर्माण कार्य दो अगले दो वर्षों में पूरा हो जाएगा। इसी प्रकार रेवाड़ी जिले के गांव मनेठी में एम्स अस्पताल के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
प्रदेश सरकार का फैसला है कि प्रत्येक जिले में एक मेडिकल कॉलेज हो तांकि हर वर्ष उन्हें दो हजार डाक्टर मिलते रहे। इससे अस्पतालों में चिकित्सकों की कोई कमी नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के राजनैतिक हालात पर चर्चा करते हुए कहा जीन्द उपचानाव के बाद हरियाणा में विपक्ष धराशायी हो गया है। उन्होंने कहा कि हमें लोकसभा और विधानसभा चुनावों तक इसी प्रकार के वातावरण को बनाये रखना है। पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा ने हरियाणा में 10 में से 7 सीटें जीती थीं। इस बार 10 सों सीटों को जीतने का संकल्प लिया गया है।
इस मौके पर हरियाणा विधानसभा की डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, सांसद चौ. धर्मबीर सिंह, विधायक डा. अभय सिंह यादव, विधायक औमप्रकाश यादव, पूर्व सांसद सुधा यादव, भाजपा के जिला अध्यक्ष शिव कुमार महता, सुधीर दीवान, गौतम शर्मा आदि मौजूद थे।
– सरोज