जींद : इनेलो विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने कहा कि उचाना हलके के लोगों की मांग है कि हमारे परिवार से आने वाले विस चुनाव में कोई सदस्य चुनाव लड़े। हलके के लोगों की इस मांग को निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा। विस चुनाव में इनेलो की तरफ से उनके परिवार का सदस्य चुनाव लड़ेगा।
वे पीएसी सदस्य डॉ. रामचंद्र जांगड़ा के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मेयर का चुनाव इनेलो, बसपा मिलकर लड़ेंगी। कांग्रेस चुनाव में हार के डर से सिंबल पर चुनाव लडऩे से मना कर गई है। भाजपा के पास भी अब तक कोई उम्मीदवार मेयर को लेकर सामने नहीं आ रहा है।
ऐसे में दोनों पार्टी के नेताओं को मेयर के चुनाव में अपनी हार नजर आ रही है। इस मौके पर रामपाल माजरा, जिला प्रधान रामफल कुंडू, सूबे सिंह लोहान, सतीश जैन, जिला युवा प्रधान अनुराग खटकड़, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला प्रधान लखविन्द्र चहल,जस्सी पेटवाड़, राममेहर दनौदा, सुदेश चोपड़ा, बलराज नगूरां, सत्ता डूमरखां, राज सिंह मोर, अमरजीत आदि नेता मौजूद थेे।
इससे पहले नए बस स्टैंड के पास ब्राह्मण धर्मशाला में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि उचाना आने से पहले ओमप्रकाश चौटाला से मिलकर आया था। ओमप्रकाश चौटाला को बताया कि एक दिसंबर से कुरूक्षेत्र से जन अधिकार यात्रा शुरू कर रहे है। जिसका उद्देश्य कांग्रेस को सरकार में न आने देना, भाजपा को सत्ता से दूर करना है।
इस यात्रा को लेकर ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि यह यात्रा जब तक जारी रखनी है जब तक एसवाईएल का पानी हरियाणा को न मिले, बेरोजगारों को रोजगार न मिल जाए। कुछ लोग नहीं चाहते कि हम सत्ता में नजदीक आए। ऐसे हालात हमारी पार्टी में कई बार हुए है। बसपा से गठबंधन के बाद आम आदमी में गठबंधन की सरकार बनने के चर्चें थे।
1989 में स्व. देवीलाल ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने का काम किया था। 2000 विस चुनाव में ओमप्रकाश चौटाला ने मेहनत की इस बूते पर इनेलो सत्ता में आई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इनेलो को खत्म करने के लिए ओमप्रकाश चौटाला को षडय़ंत्र के तहत जेबीटी अध्यापक भर्ती मामले में जेल के अंदर डाला।
कांग्रेस के नेता उस समय लड्डू बांट रहे थे कि इनेलो को संभालने वाला कोई नहीं है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से आज इनेलो पार्टी पहले की तरह मजबूत है। इनेलो, बसपा की सरकार बनने पर किसानों पर कितना ही कर्ज हो वो माफ किया जाएगा, लड़कियों की पढ़ाई का पूरा खर्चा, सुरक्षा, पांच लाख रुपए कन्यादान दिया जाएगा।