जींद : कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि अच्छे दिन लाने का वायदा करने वाली भाजपा सरकार अपनी कुनीतियों के कारण पैक होने लगी है। देश के पांच राज्यों में जो परिणाम निकलकर सामने आएं है, उसके नतीजन हरियाणा ही नहीं, समस्त प्रदेशों में भाजपा औधे मुंह गिरेगी। क्योंकि भाजपाइयों ने देश को महंगाई और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया।
इसलिए भाजपा सरकार की कारगुजारियों की पोल खोलने के लिए आगामी एक माह के दौरान विशेष अभियान चलेगा। डॉ. अशोक तंवर शनिवार को कांग्रेस के जिला प्रवक्ताओं और मीडिया सलाहकारों की राज्य स्तरीय मीटिंग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव धर्मपाल कटारिया, जींद से पार्टी प्रत्याशी रहे प्रमोद सहवाग, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य एवं कंडेला खाप नेता रघुबीर भारद्वाज, बालमुकुंद शर्मा, होशियारी लाल शर्मा, सतीश दहिया, धर्मपाल प्रधान, धर्मबीर जैजैवंती, बिजेंद्र खर्ब, सुखविंद्र कौर, डॉ. स्नेह लता, कुलदीप सोनी, ईश्वर शर्मा, बिमला सिवाच सहित दर्जनों नेता मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि 2019 की तैयारियों को लेकर पार्टी संगठन मजबूती के साथ लोगों के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों का प्रचार करें, इसके लिए ही राज्य स्तरीय मीटिंग बुलाई गई थी। भाजपा सरकार ने पिछले चार सालों के दौरान जो ज्यादती की है, उनका खुलासा लोगों के बीच किया जाएगा। क्योंकि अच्छे दिनों का वायदा करने वाली सरकार में लोगों को केवल खून की आंसू रोने को मिले है।
तंवर ने केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के सीआरएस विश्वविद्यालय में प्रस्तावित किसान सम्मेलन की घेराबंदी करते हुए कहा कि भाजपा के मंत्री अधिकारियों और कर्मचारियों तथा शिक्षण संस्थानों का दुरुपयोग कर रहे है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने हाल ही में अस्तित्व में आई दुष्यंत चौटाला की पार्टी जननायक जनता पार्टी को लेकर कहा कि ये लोग कुछ नहीं कर सकते।
क्योंकि इन्होंने केवल भ्रष्टाचार फैलाना और गुंडागर्दी करना सीखा है। ये लोग भाजपा के इशारे पर काम करके उसी को ही मजबूती देने में लगे हुए है। कांग्रेस के नेता चाहे वो साईकिल पर सवार हो या फिर रथ पर, सभी राहुल गांधी के हाथ मजबूत कर रहे है। इसलिए पार्टी हित में चाहे कोई साईकिल पर चले या फिर रथ पर, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता।