गोहाना: शहर थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में काली फिल्म वाले वाहन चालकों, दुपहिया वाहन पर तीन या इससे ज्यादा सवारी, बिना हेल्मेट व वाहन से संबंधित पूरे कागजात न रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत करीब तीन दर्जन लोगों के चालान काटे गए। कई वाहन चालकों द्वारा चालान काटे जाने का विरोध भी जताया गया। बुधवार को शहर थाना प्रभारी कुलदीप देशवाल व यातायात पुलिस के कर्मचारियों ने अंबेडकर चौक पर वाहनों के चालान काटे। थाना प्रभारी कुलदीप देशवाल ने बताया कि एसपी अश्विन शैणवी के आदेश पर चालान काटो अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से काले शीशे वाले वाहन घुमने की शिकायतें मिल रही थी। इसके अलावा दुपहिया वाहनों पर तीन या इससे अधिक सवारी बैठाकर चलने वालों वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि चालान के दौरान वाहनों की गहनता से जांच भी की गई। कई वाहन चालक बिना लाइसेंस के पाए गए। वाहन चालकों को चालान करने के साथ-साथ हिदायत भी दी गई है कि वे बिना कागजात के न चलें। उन्होंने बताया कि यह अभियान 15 जुलाई तक चलेगा।