संसद में पास हुए कृषि बिलों को लेकर देश के किसानों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। हरियाणा से दिल्ली की तरफ कूच करने के लिए निकलने किसान और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए राज्य पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल किया। पानीपत जिले में पुलिस द्वारा बैरीकेड लगाकर “ट्रैक्टर रैली” रोकी गई।
रैली में भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी भी शामिल हुए। जानकारी के मुताबिक कुछ किसानों और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया है। मोदी सरकार के कृषि बिल को विपक्ष किसान विरोध बता रहा है। बिल को लेकर सदन से सड़क तक प्रदर्शन हो रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि सरकार लोगों के साथ धोखा कर रही है, क्योंकि तीनों अध्यादेश पूंजीपतियों के लिए है। विपक्ष ने इन बिलों को किसान का डेथ वारंट तक करा दिया है।
कृषि बिल से किसानों को नवीनतम खेती की जानकारी मिल सकेगी और खुशहाली व उन्नति होगी : जेपी दलाल
पुलिस ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने जब बैरीकेड को पार करने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। पुलिस ने कहा कि बाद में कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ऐहतियातन हिरासत में लिया गया। युवा कांग्रेस के नेताओं का दावा था कि इस रैली में बहुत से किसानों ने भी हिस्सा लिया।
यह रैली पानीपत से दिल्ली आनी थी जहां कार्यकर्ताओं का संसद के घेराव का कार्यक्रम था। ये लोग कृषि विधेयकों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराना चाहते थे जो उनके मुताबिक किसान विरोधी हैं। इस रैली के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिये सामान्य यातायात भी बाधित हुआ।
इससे पहले रविवार को हरियाणा पुलिस ने पंजाब युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अंबाला जिले में प्रवेश कर आगे दिल्ली जाने से रोकने के लिये पानी की बौछार का इस्तेमाल किया था। ये कार्यकर्ता भी कृषि विधेयकों के खिलाफ ट्रैक्टर रैली निकाल रहे थे। उस ट्रैक्टर रैली में श्रीनिवास बी वी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ शामिल थे।