रोहतक : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि आज तक के इतिहास में राफेल डील देश का सबसे बड़ा घोटाला है और प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अपने पूजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए राफेल डील की है। साथ ही उन्होंने कहा कि आज लगातार बढ़ रहे पेट्रोल, डीजल और गैस के दामों से लोग परेशान है, वहीं साढे चार साल में सरकार को 11 लाख करोड़ का फायदा पहुंचा है। भाजपा सरकार यह बताए कि यह राशि किसी विकास कार्य में खर्च की गई है, जबकि वास्तविकता में धरातल पर विकास कहीं नजर नहीं आ रहा है। डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि नगर निगम का चुनाव कांग्रेस अपने चुनाव चिन्ह पर लडेगी और 25 सितंबर तक कांग्रेस की सभी कमेटियों का गठन कर दिया जाएगा।
रविवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. तंवर रोहतक पहुंचे और सोमवार को राफेल डील, पेट्रोलियम पदार्थो के बढते दामों, बिगडती कानून व्यवस्था व अन्य सरकार के जनविरोधी नीतियों के खिलाफ होने वाले देश व्यापी बंद को लेकर कार्यकत्र्ताओं की बैठक ली और उन्हें बंद को सफल बनाने का मंत्र दिया। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल, डीजल व गैस के दामों से हर वर्ग परेशान है। भाजपा सरकार महंगाई कम करने का दावा कर सता में आई थी, लेकिन साढे चार साल में सरकार ने महंगाई पर रोक लगाने की बजाए आम आदमी की कमर तोडऩे का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से आज किसान, मजदूर, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र हर वर्ग सड़कों पर आंदोलन करने पर मजबूर है और सरकार काले कानून लागू कर तानाशाही रवैया अपनाए हुए है। डॉ. तंवर ने कहा कि भाजपा एक डूबता हुआ जहाज है और लोग चुनाव के इंतजार में है, ताकि वोट से भाजपा को सबक सिखाया जा सके।
राफेल डील पर सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि नोटबंदी व जीएसटी से लघु और मध्यम उद्योग पतियों की कमर टूट गई है, जबकि सरकार की नीतियों से पूंजीपतियों को फायदा पहुंचा है। डॉ. तंवर ने पेट्रोलियम पदार्थो के बढ़ते दामों पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि यह सिर्फ चंद पूजिपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए लिए किया गया है, जबकि भाजपा को आम आदमी से कोई लेना देना नहीं है। इंधन के नाम पर लूट को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी और आगामी चुनाव भाजा को आईना दिखाने का काम करेंगे। डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस द्वारा देश व्यापी बंद पार्टी के लिए नहीं बल्कि देशहित के लिए किया जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जैन जति जी में कडवे बचन से प्रख्यात तरूण सागर की श्रद्धांजलि सभा में अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर प्रो. कुलताज सिंह, सत्यम दहिया, संजर परमार, आंनद हुड्डा, संजय दलाल, रमेश खुराना प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
(मनमोहन कथूरिया)