चंडीगढ़ : हरियाणा पुलिस ने एक ओर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा शुरू की गई इंवैस्टीगेशन ट्रैकिंग सिस्टम फॉर सेक्सुअल ऑफेंस (आईटीएसएसओ) रैंकिंग प्रणाली के तहत देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की अध्यक्षता में यहां आयोजित उत्तरी जोनल काउंसिल की 29वीं बैठक में दी गई एक प्रस्तुति के दौरान यह जानकारी दी गई।
इस संबंध मे जानकारी देते हुए, पुलिस महानिदेशक, श्री मनोज यादव ने बताया कि हरियाणा पुलिस आईटीएसएसओ डैशबोर्ड, जो सभी स्तरों पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए उपलब्ध एक ऑनलाइन मॉड्यूल है, पर बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है। यह मॉड्यूल राज्य पुलिस को बलात्कार के मामलों में दो महीने के भीतर जांच पूरी करने के लिए वास्तविक समय की निगरानी और प्रबंधन की अनुमति देता है। हरियाणा पुलिस वर्तमान में 54.3 प्रतिशत की अनुपालन दर के साथ भारत में दूसरे स्थान पर है।
बैठक में हरियाणा पुलिस की कार्यप्रणाली और की जा रही प्रौद्योगिकी पहल की भी प्रशंसा की गई। एक अन्य उपलब्धि में, हरियाणा पुलिस द्वारा की गई त्वरित और उचित पैरवी के फलस्वरुप रेवाड़ी जिले में किशोर न्याय बोर्ड की अदालत ने 24 दिनों के भीतर एक बलात्कार के आरोपी को दोषी मानते हुए सजा सुनाई है।
26 अगस्त, 2019 को उत्तर प्रदेश के मूल निवासी आरोपी के खिलाफ रेवाड़ी जिले में ढाई साल की नाबालिग लड़की से बलात्कार के मामले में पुलिस को एक शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने के बाद, पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को दो घंटे में दबोच लिया। 28 गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद, पुलिस ने अदालत में 9 दिनों के भीतर चालान पेश किया।