नई दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को हरियाणा के पार्टी नेताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। शाह ने हरियाणा भाजपा को 75 प्लस का टारगेट दिया है। 90 विधानसभा सीटों वाले हरियाणा राज्य में लोकसभा चुनाव के दौरान सभी 10 सीटें जीतकर 79 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। वह सिर्फ 11 सीटों पर ही पीछे रही है। भाजपा इस जीत से बहुत ज्यादा उत्साह में है और वह विधानसभा चुनाव भी लोकसभा की तरह पूरे दमखम के साथ लड़ने की तैयारी कर चुकी है।
अमित शाह ने मुख्यमंत्री, पार्टी अध्यक्ष व मुख्यमंत्री, पार्टी अध्यक्ष व मंत्रियों से सिलसिलेवार ब्यौरा मांग और विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया। शाह ने हरियाणा में पार्टी के प्रदर्शन पर सभी नेताओं को शाबासी देते हुए फिर से जुट जाने का आह्वान किया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने पत्रकारोंं से बातचीत की। मनोहर लाल ने कहा कि बैठक में मिशन-75 का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी लोकसभा चुनाव की तरह ही विधानसभा चुनाव में भी कार्यक्रम तय करेगी। उन्होंने कहा कि कई कांग्रेस नेता पार्टी के संपर्क में हैं।
यह वक्त आने पर बताया जाएगा कि कौन-कौन नेता पार्टी के संपर्क में हैं। टिकट वितरण पर सीएम ने कहा कि अभी किसी भी नेता का टिकट पक्का नहीं है। चुनाव तैयारियों पर सीएम ने कहा कि 1 जुलाई से 10 जुलाई तक सभी मंडलो की बैठक होगी। इस दौरान 3 लाख के पन्ना प्रमुख एक्टिव किया जाएगा। जिलास्तर पर प्रबुद्ध नागरिकों और वर्गों के सम्मेलन होंगे। इन सम्मेलनों में हरियाणा के सभी मंत्री जाएंगे। संगठन मंत्री राम लाल भी हरियाणा प्रवास पर आएंगे। मनोहर ने कहा कि अमित शाह 21 जून को रोहतक आएंगे।
उस दिन वहां योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी हरियाणा में लाने का प्रयास रहेगा। इस बैठक में संगठन मंत्री डा. रामलाल मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला, केन्द्र में हरियाणा के तीनों मंत्रियों राव इन्द्रजीत, कृष्णपाल गुर्जर, रतनलाल कटारिया, पूर्व मंत्री वीरेन्द्र सिंह, राज्य सरकार में मंत्री रामविलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु, ओमप्रकाश धनखड़, सांसद संजय भाटिया, प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी व एडवोकेट वेदपाल ने भी
भाग लिया।