चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिशन-75 के लक्ष्य को हासिल के लिए भाजपा का शीर्ष नेतृत्व रणनीति को अमलीजामा पहना रहा है। खुद भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा हरियाणा में चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। भाजपा के शक्ति केंद्र प्रमुखों व पालक से लेकर पन्ना प्रमुख तक सरकार की पांच साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में जुटे हुए है।
इसी सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा 16 व 17 सितम्बर को हरियाणा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे न केवल कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे बल्कि शक्ति केंद्र पालक व प्रमुखों को जीत का मंत्र भी देंगे। 16 सितम्बर को थानेसर विधानसभा में कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत व कैथल के शक्ति केंद्र पालक व प्रमुख हिस्सा लेंगे। बैठक में कुरुक्षेत्र जिले के बूथ प्रमुख भी मौजूद रहेंगे। इसी दिन कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष रादौर अनाज मंडी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का प्रभारी प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट नियुक्त किया गया है।
17 सितम्बर को बहादुरगढ़ विधानसभा में झज्जर, रोहतक व सोनीपत जिले के शक्ति केंद्र पालक व प्रमुखों को जीत का मंत्र देंगे। झज्जर जिले के बूथ प्रमुख भी हिस्सा लेंगे। खरखौदा अनाज मंडी में अनुसुचित वर्ग के महासम्मेल को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के प्रभारी करनाल सांसद एवं प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया होंगे। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा हरियाणा में दो दिवसीय दौरे पर सात जिलों के शक्ति केंद्र पालक, प्रमुख व बूथ प्रमुखों को जीत का मंत्र देने के साथ जनता से सीधा संवाद करेंगे।