बिग बॉस फेम और बीजेपी नेता सोनाली फोगाट का निधन हो गया है, जिसके बाद उनके समर्थकों में शोक की लहर है। सोनाली का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ है। वो हरियाणा के हिसार जिले की रहने वाली थी। पार्टी नेताओं ने मंगलवार को यह जानकारी दी। वह 42 वर्ष की थी।
भाजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख ओ.पी.धनखड़ ने कहा, ‘‘ उनका निधन हो गया है। मुझे बताया गया है कि वह गोवा में थीं।’’ फोगाट का निधन कब हुआ, इसका तत्काल पता नहीं चल पाया है। एप ‘टिकटॉक’ पर वीडियो बनाने के लिए मशहूर फोगाट 2019 में भाजपा में शामिल हुईं थी।
कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ लड़ा था चुनाव
बता दें, भाजपा के हिसार जिले के अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र ने कहा, ‘‘ सोनाली जी गोवा में थीं। मैंने उनके सहायक से बात की है और उन्होंने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया है।’’ फोगाट ने कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह जीत दर्ज नहीं कर पाई थीं। बिश्नोई तब कांग्रेस में थे, हालांकि हाल ही में वह भाजपा में शामिल हो गए हैं।