पंचकूला : पिछले 5 वर्ष से भी ज्यादा समय से रोजी रोटी की जंग लड़ रहे कंप्यूटर टीचर्स और लैब सहायकों ने एक बार फिर से अपनी मांगों को लेकर पंचकूला में सड़कों पर सोमवार को फिर उतरे। प्रदर्शन कर रहे टीचर व लैब सहायकों द्वारा शिक्षा सदन का घेराव के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनपर लाठीचार्ज व वाटर कैनन का प्रयोग किया। इस दौरान कई महिलाओं समेत प्रदर्शनकारी घायल हो गए, जिन्हें सामान्य अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। कंप्यूटर लैब सहायक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र प्योंत ने बताया सरकार 2015 से ही कंप्यूटर टीचर्स और लैब सहायकों को सेवा कर नाम पर मात्र 3 से 6 महीने के अनुबंध पर नौकरी दे रही।
उन्होंने बताया एक बार फिर से आगामी गर्मी की छुटियों के साथ प्रदेश के 5000 कर्मचारी सड़क पर आ जाएंगे, लेकिन अबकी बार आंदोलन आरपार का किया जाएगा, जिसमें किसी भी तरह की परिस्थिति के लिए शिक्षा विभाग और सरकार जिम्मेदार होगी। बतां दे कि कंप्यूटर टीचर्स और लैब सहायकों ने बड़े आंदोलन का एलान कर दिया है। मुख्यमंत्री की घोषणा को 5 महीने से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी आदेश जारी ना होने से खफा हजारों कर्मचारियों ने 28 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है।
बीते दिनों 9 मई के उग्र प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के ओएसडी ने कर्मचारियों से समस्या समाधान के लिए 22 मई तक समय मांगा था, मगर मात्र आश्वाशन के अभी तक कुछ हाथ नहीं लगा। ना तो मुख्यमंत्री के कहे अनुसार वेतन वृद्धि के आदेश जारी हुए और ना ही अनुबंध को बढ़ाया गया। ऐसे में हजारों कर्मचारी एक बार फिर से जून की तपतपाती गर्मी में नौकरी को बचाने के लिए सड़क पर होंगे।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।
(आहूजा)