फरीदाबाद : जींद में हुए उपचुनावों में भाजपा प्रत्याशी की भारी मतों से जीत पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुखबीर मलेरना ने कहा कि ये चुनाव विपक्ष के लिए एक आईने की तरह जिसमें दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है। अभी तक अनेक राजनीतिक दल बड़े-बड़े दावे करते हुए नहीं थक रहे थे, मगर प्रदेश की जनता ने मोदी एवं मनोहर सरकार की स्वच्छ नीतियों और ईमानदार छवि में आस्था जताते हुए एक बार फिर से सत्ता को भाजपा को सौंपने का इरादा जाहिर कर दिया है।
भाजपा प्रत्याशी डा. कृष्ण मिड्ढा की अप्रत्याशित जीत से उत्साहित सुखबीर मलेरना मुख्यमंत्री मनोहरलाल से मिलने पहुंचे और उनका मुंह मीठा कराकर जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की जनता भली भांति जानती है कि भाजपा ने साढे चार वर्षाे में विकास के मामले में देश व प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है और उसका कोई विकल्प नहीं है।
मलेरना ने कहा कि देश की उन्नति और प्रदेश की तरक्की के लिए जरुरी है कि एक बार फिर मोदी देश के प्रधानमंत्री बनें और मनोहरलाल प्रदेश के मुखिया। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहरलाल के बारे में कहा कि प्रदेश को पहली बार ऐसा मुख्यमंत्री मिला है जिसने भ्रष्टाचारमुक्त सरकार देकर बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के विकास को बढ़ावा दिया है।
जबकि पूर्व की सरकार ने केवल और केवल प्रदेश को लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इस जीत से यह साबित हो गया है कि हरियाणा में आने वाले विधानसभा चुनावों में पुन: प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। आने वाला समय भाजपा का है और लोकसभा व विधानसभा में हरियाणा में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलेगा।
– राकेश देव