हरियाणा के करनाल में मंगलवार रात एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ। घोघड़ीपुर गांव में हुए इस हादसे में 3 कर्मियों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप घायल हुआ है। घायल को इलाज़ के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतक तमिलनाडु के रहने वाले हैं।
दरअसल, कल रात अचानक फैक्ट्री में ज़ोरदार धमाके के बाद आग लग गई, जिससे पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि फैक्ट्री में बने दो कमरों की छतें उड़ गई और चारों ओर मलबा बिखर गया। झुलसे मजदूर इस मलबे में दब गए। एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर रूप से झुलस गए। इसमें से दो की अस्पताल में मौत हो गई। अभी एक मजदूर का उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर बिग्रेड की तीन से तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग से फैक्ट्री में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया, वहीं धमाके के चलते ईमारत भी क्षतिग्रस्त हुई है।