करनाल : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि भााजपा में शामिल होने वालों का स्वागत है और उन्हे पूरा सम्मान मिलेगा मगर टिकट तो जिताऊ उम्मीदवारों को ही दी जाएगी। वे यहां करनाल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा उम्मीदवार की स्क्रीन बड़ी गम्भीरता से की जाती है। भाजपा के पुराने कार्यकर्ता हो या दूसरे दलों से भाजपा में आस्था जताने वाले कार्यकर्ता को सम्मान बराबर है। जो भी जीतने की हैसियत रखता है, उसे ही चुनाव में टिकट दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा सितम्बर तक विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों के नाम तय करेगी। इससे पहले कई टीमो द्वारा सर्वे किया जाता है और अंत में पार्लियमेंट बोर्ड द्वारा टिकट पर सहमति दी जाती है।
मुख्यमंत्री ने विकास सदन में करनाल नगर निगम के पार्षदों व अधिकारियों से चल रहे विकास कार्यों के बारे में भी बैठक की। उन्होंेने पार्षदों को कहा कि हरियाणा में नगर निगम व अन्य स्थानीय निकाय की स्वतंत्रता के लिए अंतर जिला परिषद का गठन किया गया है। इस गठन से स्थानीय निकाय अपने स्तर पर अपने क्षेत्र में विकास करेंगी व अपनी आय के अनुसार खर्च कर सकेंगी, उन पर प्रदेश सरकार का दबाव कम रहेगा। नगर निगम में विधानसभा की तर्ज पर सैशन हो, हर महीने नगर निगम की बैठक हो और इस सैशन में नगर निगम के विकास के लिए बात की जाएं।
इस सैशन की स्पीकर मेयर हो, विधायक, उच्च अधिकारी व अन्य वीआईपी गैलरी में बैठेंं, ऐसी व्यवस्था प्रदेश में होगी और इसके लिए करनाल नगर निगम को चुना गया है। जब ऐसा होगा, तो सभी की समस्याओं का हल तुरंत होगा और जो भी विकास कार्य करना है, उसके लिए बजट का प्रावधान और खर्चे का प्रावधान भी सैशन में हो सकेगा। उन्होंने वे अपने-अपने वार्डों मेें सीवरेज सिस्टम, बिजली-पानी की व्यवस्था तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जिस भी क्षेत्र में काम की जरूरत है, वह अपनी मेयर व नगर निगम आयुक्त को लिखकर दें, समयानुसार उन पर काम होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अंतर जिला परिषद का गठन किया गया है।
इस परिषद से स्थानीय स्तर पर विकास के रास्ते खुलेंगे। इस परिषद के चेयरमैन मुख्यमंत्री होंगे और हर जिले की स्थानीय ईकाईयों को इसमें शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि शहरी ईकाईयों का एक ही मुखिया होगा, ताकि वह सही रूप से कॉर्डिनेट कर सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा की तर्ज पर नगर निगम में भी सैशन होंगे। सैशन में हर विकास कार्य की चर्चा होगी। सरकार की तरफ से हर नगर निगम को बजट मिलेगा। नगर निगम भी अपनी आय के स्त्रोत बढ़ा सकेगी। इसके पीछे सरकार का केवल एक ही उद्देश्य है, स्थानीय निकाय को मजबूत करना, ताकि वह विकास के लिए सरकार की तरफ ना देखें।
– आशुतोष गौतम