भिवानी : प्रो. रामबिलास शर्मा, शिक्षा मंत्री, हरियाणा सरकार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पटेल नगर, हिसार की सीनियर सैकेण्डरी के विज्ञान संकाय की छात्रा कुमारी हीना को आज हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में सम्मानित किया। कुमारी हिना ने सीनियर सैकेण्डरी की परीक्षा में तीनों संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर प्रो. रामबिलास शर्मा ने कुमारी हिना को 4 लाख रूपये राशि का चैक प्रदान किया। इस मौके पर बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह, सचिव श्री धीरेन्द्र खडग़टा, आई.ए.एस. व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
अपने सम्बोधन में प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार का ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ संदेश एक जन-आंदोलन व राष्ट्रीय अभियान बन गया है। इसका मुख्य उद्देश्य है कन्या भू्रण हत्या की रोकथाम, बालिकाओं के अस्तित्व को बचाना, दहेज़ कुप्रथा को समाप्त करना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा बालिकाओं की उच्च शिक्षा और सभी कार्यक्षेत्रों में भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए सतत् प्रयासरत है। शिक्षा-परीक्षा क्षेत्रों को राजनीति से दूर रखा जाता है तथा विद्यालयों में पढ़ाई का उपयुक्त वातावरण बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
सैकेण्डरी/सीनियर सैकेण्डरी की वार्षिक परीक्षा में सरकारी स्कूलों का बेहतर परिणाम प्रदर्शन दृष्टिगोचर हुआ है। उन्होंने बताया कि सरकार की शिक्षा नीति कारगर सिद्ध हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।प्रो. शर्मा ने कहा कि बोर्ड की परीक्षाओं में जिन विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है उनके लिए स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी। प्रो. शर्मा ने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने कंपार्टमेंट क्लीयर करने के लिए दो चांस ले लिए हैं उनको एक मर्सी चांस दिया जाएगा।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।
(दीपक खंडेलवाल)