भाजपा नेता व पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर हरियाणा में दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया। 24 और 25 अगस्त 2019 को हरियाणा के सभी सरकारी भवनों पर नियमित रूप से फहराए जाने वाला राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेंगा और इन दोनों दिवसों में कोई भी सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। यह जानकारी मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी एक पत्र में दी गई।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि सीएम मनोहर लाल खट्टर ने जन आशीर्वाद यात्रा भी 25 अगस्त तक स्थगित कर दी है। रविवार 25 अगस्त सुबह 9 बजे बहालगढ़ से शुरू होने वाली जन आशीर्वाद यात्रा अब सोमवार 26 अगस्त को पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार शुरू होगी।
जेटली का निधन भाजपा और भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति : खट्टर
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश व वित्त मंत्री अरुण जेटली के दु:खद निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अरुण जेटली लम्बे समय से बीमार थे, उन्होंने शनिवार एम्स अस्पताल में अन्तिम सांस ली। वे 66 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, बेटा और एक बेटी हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अरुण जेटली के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन भाजपा और भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
उनके निधन से देश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में जो रिक्तता आ गई है, उसे भर पाना मुश्किल है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि वे एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील राजनेता और प्रख्यात विधिवेत्ता थे। उन्होंने केन्द्रीय मंत्रिमंडल में रहते हुए कई अहम निर्णय लिए और राष्ट्र निर्माण में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
वे सर्वोच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता और भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल भी रहे। मनोहर लाल ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि भगवान दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करे और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति दे।