रोहतक : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जातिगत राजनीति के लिए प्रदेश को जलाने का आरोप लगाया। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्होंने हरियाणा को कलंकित करने के साथ जाट समाज का भी नाम बदनाम किया। मुख्यमंत्री ने चौधर लाने की बात पर तंज सकते हुए कहा कि ये किसी चौधर लाने की बात करते हैं, ये रिश्तेदारों, बिचौलियों व दलालों की चौधर लाना चाहते हैं, लेकिन आज प्रदेश में 2.50 करोड़ लोगों की चौधर है।
इसलिए जनता को भी इन्हें सबक सिखाना होगा। उन्होंने कहा कि जेल और बेल के खेल को समझकर वोट डाले। हुडडा पर पांच केस चल रहे हैं और चौटाला जेल में हैं। वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल सांपला में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बाप-बेटे की चौधर को हरियाणा की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। इन्होंने मध्य हरियाणा को जलाने के साथ जाति-पाती का जहर घोलने का काम किया। राजनीति व हरियाणा के विकास में जाति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन लोगों ने झज्जर, सोनीपत, जींद व रोहतक को जलाने का काम किया और समाज के भाईचारे को तोड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को जाति विशेष के लोगों नहीं बल्कि यशपाल मलिक व राजकुमार सैनी जैसे लोगों की शह पर शरारती लोगों ने जलाया, जिसकी मैं निंदा करता हूं। उन्होंने नौकरियों में भ्रष्टाचार का ठीकरा भी पूर्व की कांग्रेस सरकारों के सिर फोड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि 64 हजार नौकरियों में किसी ने रिश्वत ली है तो उसका नाम उजागर करें, उससे तुरंत वसूली की जाएगी। पूर्व सरकारों में राजनेताओं ने अपना घर भरने का काम किया और वंशवाद की चौधर को आगे बढ़ाया।
अब वंशवाद की चौधरी खत्म हो चुकी है। संपत्ति विवाद होते ही नई पार्टियां बनती हैं और एक परिवारवाद ही चलता रहता है। मगर हरियाणा में अब परिवारवाद नहीं बल्कि स्वच्छ सुशासन है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पांच चरणों का मतदान हो चुका है। छठे व सातवें चरण का मतदान बाकी है। पांच चरणों के मतदान में जनता से जिस तरह दिलचस्पी दिखाई, उससे स्पष्ट है कि 23 मई को कांग्रेस गई।
(मनमोहन कथूरिया)