जींद : हरियाणा में जींद विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान सोमवार सुबह सात बजे आरंभ हो गया जो शाम पांच बजे तक चलेगा। अधिकारियों ने बताया कि शांतिपूर्ण एवं सुचारू मतदान के लिए सभी आवश्यक इंतजाम कर लिए गए हैं। इस उपचुनाव में भाजपा, इनेलो, कांग्रेस और नवगठित जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के उम्मीदवार भाग्य आजमा रहा हैं।
इनेलो विधायक हरि चंद मिड्ढा के पिछले साल अगस्त में निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि 80,556 महिलाओं समेत करीब 1.70 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। ठंड के बावजूद मतदान केंद्रों पर लोग पंक्तियों में खड़े दिखाई दे रहे हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 71 मतदान केंद्र हैं और शहरी क्षेत्रों में 103 मतदान केंद्र हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुचारू एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
करीब 3000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा त्वरित कार्य बल एवं सीआरपीएफ के 200 से अधिक जवान और 500 होम गार्ड तैनात किए गए हैं। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। 20 सेक्टरों में बंटे जींद विधानसभा क्षेत्र में छह पुलिस उपाधीक्षक सुरक्षा प्रबंधनों की निगरानी कर रहे हैं। मतगणना 31 जनवरी को होगा। इस उपचुनाव में दो महिला उम्मीदवारों सहित 21 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इसमें सत्तारूढ़ भाजपा के डा. कृष्णलाल मिड्ढा, कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला और इनेलो के उमेद सिंह रेढू शामिल हैं। इसके अलावा सांसद दुष्यंत चौटाला के भाई दिग्विजय सिंह चौटाला (जेजेपी) भी चुनावी मैदान में हैं।