रोहतक : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि आज समय आरोप प्रत्यारोप का नहीं है बल्कि भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के विरोध में नहीं है। साथ ही उन्होंने पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा 18 अगस्त को महापरिर्वतन रैली करने पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह अच्छी बात है। समय समय पर कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध किया गया।
उन्होंने कहा कि सब को रैली करने का अधिकार है और पार्टी की मजबूती के लिए रैली करनी चाहिए। यह रैली तो एक महीना लेट हो रही है। रैली में शामिल होने पर डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि उन्हें अभी तक कोई निमंत्रण नहीं मिला है, सिर्फ मीडिया के माध्यम से इस रैली के बारे में जानकारी मिल रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान पर जो उन्हें हटाने के लिए दबाव बना रहे है वह उनकी गलतफहमियां है। उन्होंने कहा कि कौन कहता है कि पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा को कांग्रेस की कमान नही थी, वे समन्वय समिति के चेयरमैन थे और मैं तो केवल मैम्बर था।
शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर रोहतक पहुंचे और विभिन्न कार्यक्रमों में शिरक्त की। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आज समय एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का नहीं है, बल्कि मिलकर भाजपा के खिलाफ लड़ाई लडऩे का है। उन्होंने कहा कि आज भाजपार सरकार से हर वर्ग परेशान है। पारदिर्शता व ईमानदारी का राग अलाप करने वाली भाजपा शासनकाल में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि हाल ही में रोडवेज में किलोमीटर स्कीम व छात्रवृति घोटाले ने सरकार की पोल खोल कर रख दी है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. तंवर ने कहा कि कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ सडक़ों पर लड़ाई लड़ी है और संगठन को मजबूत किया है। सभी लोगों को पार्टी मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व सीएम हुड्डा जो रैली कर रहे है, उसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है और न ही उन्हें इस रैली का न्यौता मिला है। पूर्व सीएम हुड्डा द्वारा रैली में बडी घोषणा को लेकर उन्होंने कहा कि रैली में बडी घोषणा होनी भी चाहिए। साथ ही डॉ. अशोक तंवर ने ईवीएम मशीनों को लेकर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि अभी फिलहाल वेयर हाउसों में मशीनों की चैंकिंग चल रही है।