हिसार : भाजपा बरवाला विधानसभा क्षेत्र के पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन पार्टी के चुनाव कार्यालय सुशीला भवन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट, राज्यसभा सांसद डा. डीपी वत्स, लोकसभा विस्तारक दिनेश गोयल बतौर वक्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन में हलका के तीनों मंडलों के अध्यक्ष व महामंत्री, शक्ति केंद्र प्रमुख व सहप्रमुख, पालक, सहपालक, बूथ अध्यक्ष व पन्ना प्रमुख उपस्थित रहे।
पन्ना प्रमुखों को संबोधित करते हुए प्रदेश के संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट ने कहा कि 1952 में जनसंघ के रूप में 11 सदस्यों के द्वारा पार्टी की स्थापना की गई थी। आज यह 11 करोड़ सदस्यों के साथ विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। यह केवल पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही संभव हो सका है। तीन-तीन पीढिय़ो ने इसमें अपना जीवन लगाया है। सैंकड़ों की संख्या में तपस्वी लोगों ने अपने घर-परिवार का एश्वर्यपूर्ण जीवन का त्याग करके राष्ट्र के प्रति अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि चाचा-भतीजे की ठनी तो जेजेपी बनी। पार्टी का मुखिया कौन बने इस बात पर पार्टी का विभाजन हो गया। ऐसी पारिवारिक पार्टियां आम कार्यकत्र्ता व आम जनता का क्या भला कर सकती हैं, जबकि भाजपा में एक चाय बेचने वाला भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और पोस्टर चिपकाने वाला पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।