कैथल : हरियाणे के युवाओं से मेरी अपील है कि आजादी की इस दूसरी लड़ाई में शामिल हो जाओ। आम आदमी पार्टी आजादी की दूसरी लड़ाई है। भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, अशफाक उल्ला खान ने तो देश के अपनी जान कुर्बान कर दी थी। आपको तो बस इस लड़ाई में शामिल होना है। थोड़ी कुर्बानी देनी पड़ेगी। इस आंदोलन को समय देना पड़ेगा। मेरे पास पैसे भी नहीं हैं। आपको ही चुनाव लड़वाना है। आपको ही घर-घर जाना है। मैं आप सबसे हरियाणा और इस देश के भविष्य की भीख मांगने आया हूं। कैथल में स्कूल-अस्पताल रैली को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ये बातें कहीं।
अन्ना आंदोलन को याद करते हुए केजरीवाल ने कहा, हमने अन्ना आंदोलन में लाठियां खाई हैं। जेल गये। वहां से हमारी पार्टी निकली है। आप, आंदोलन से निकली है। आम आदमी पार्टी एक पार्टी नहीं बल्कि क्रांति है। एक आंदोलन है। आजादी की दूसरी लड़ाई है।
देश के लोग बहुत अच्छे हैं, राजनीति गंदी है
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश की मौजूदा राजनीति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, हमें जानबूझकर 70 साल से गरीब रखा गया है। हमारा देश बहुत अच्छा है। देश के लोग बहुत अच्छे हैं। केवल देश की राजनीति गंदी है। इस गंदी राजनीति को उखाड़ फेंकना है। आजादी के तुरंत बाद देश में जो काम होने चाहिए थे, हम वो काम अब दिल्ली में कर रहे हैं।
मैं पूछना चाहता हूँ कि बीजेपी-कांग्रेस वालों ने इन 70 साल में स्कूल-अस्पताल ठीक क्यों नहीं किया? किसानों की खुशहाली के लिए लिए काम क्यों नहीं किया? युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था क्यों नहीं की ? दिल्ली में 3 साल सरकार चलाकर मैं इतना तो समझ गया कि ये सब काम हो सकते हैं। हमने तो 3 साल में ये सब करके दिखा दिये। बीजेपी-कांग्रेस ने 70 साल में ये काम इसलिए नहीं किये क्योंकि उनकी नीयत साफ़ नहीं है।
(मोहित)