पिपली : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा है कि प्रतिपक्ष नेता अभय चौटाला भाजपा की बी टीम है, जबकि अजय चौटाला के दोनों बेटे भाजपा की सी टीम के रूप में काम कर रहे हैं। चाचा भतीजा में इस बात को लेकर जंग छिड़ी हुई है कि भाजपा के साथ कौन रहेगा। इनेलो दोफाड़ होने वाली पूरी स्टोरी के संचालक भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। जिनके इशारे पर ही ये सारी व्यूह रचना रची गई। वे सोमवार को घराडसी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इनेलो का प्रदेश में कोई वजूद नहीं रहा, वहीं भाजपा का प्रदेश में कोई नाम नहीं लेने वाला है।
भाजपा सरकार से हर वर्ग का विश्वास उठ चुका है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा महिलाओं के संदर्भ में बयान पर अशोक तंवर ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं के बारे में जो बयान देकर संवेदनहीनता दिखाई है, उसके बाद तो कुछ भी बोलना नहीं बचा। मुख्यमंत्री को अपने बयान के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए। अगर मुख्यमंत्री ने ऐसा नहीं किया तो जनता माफ करेगी या साफ करेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बारे में भाजपा नेताओं द्वारा इस प्रकार के बयान देना यह पहला अवसर नहीं है। पहले भी इस प्रकार के बयान दिए गए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर बेटी बचाओ बेटी पढाओ की बात करते हंैं तो दूसरे ओर वे बेटियों की सुरक्षा नहीं कर पाते। उन्होंने सवाल किया कि जब वे बेटियों की सुरक्षा नहीं कर सकते तो ऐसे ब्यान क्यों देते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा करने में सरकार बुरी तरह विफल साबित रही है। अब तो प्रदेश महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों के मामले में देश में नंबर वन बन चुका है। इससे पूर्व घराडसी जनसभा में बोलते हुए डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा के चार साल के शासनकाल में प्रदेश का कोई भी विकास नहीं हुआ।
विकास के मामले में प्रदेश कहीं पीछे चला गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी दलित व 36 बिरादरी के लोगों की लड़ाई लड़ रही है। कुछ स्वार्थी नेता दलितों के नाम पर राजनीति करके फूट डालने का काम कर रहे हैं, लेकिन वे अपने इरादों में सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एकजुट है। आने वाले चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी अपने बलबूते पर सरकार बनाने का काम करेगी। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यकारी प्रधान विशाल सिंगला ने डॉ. अशोक तंवर का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ता उनके साथ हैं। विशाल सिंगला ने कहा कि पार्टी में कई जयचंद पैदा हो गए हैं।
पार्टी को बचाने के लिए उन्हें निकालना होगा। विशाल सिंगला ने कांग्रेस के विधायक जयतीर्थ दहिया का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के दो दिन में पार्टी अध्यक्ष बदलने की बात कहते हुए कहा था कि अगर ऐसा नहीं होगा तो वे किसी की टांग के नीचे से निकलेंगे।
विशाल सिंगला ने इस क्षेत्र के लोगों की मांग उठाते हुए प्रदेशाध्यक्ष से मांग की कि प्रतिवर्ष एक हजार लोगों को रोजगार मिलना चाहिए, जिस पर डॉ. अशोक तंवर ने भरोसा दिलाया कि अगर कांगे्रस की सरकार बनी तो मैं एक हजार नहीं बल्कि दो हजार लोगों को रोजगार देने का काम करूंगा। जनसभा को कांग्रेस पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सैनी, महिला नेत्री रीना बाल्मीकि सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया।
– जरनैल