चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने कांग्रेस पार्टी में छिड़ी कलह के बीच कहा है कि हरियाणा में पंजाब के कैप्टन अमरिंदर व हिमाचल के वीरभद्र सिंह जैसे कद का कोई नेता नहीं है जिसे आगे रखकर चुनाव लड़ा जाए। इसलिए पार्टी अपने बल पर चुनाव लड़ेगी और सभी नेताओं को मिलकर पार्टी के हित में काम करना पड़ेगा। पत्रकारों से बातचीत में किरण चौधरी ने कहा कि वह राहुल गांधी से मुलाकात के लिए जा रही हैं। इस मुलाकात में वह विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करेंगी। उन्होंने साफ किया कि पंजाब की तरह हरियाणा में किसी एक नेता को आगे करके चुनाव लडऩा ठीक नहीं होगा।
किरण चौधरी ने निकट भविष्य में होने वाले मानसून सत्र के बारे में बताया कि एसवाईएल के मुद्दे पर विपक्षी दल इनेलो जहां जेल भरो आंदोलन की नौटंकी कर रहा है वहीं सत्तारूढ़ भाजपा की नीयत में भी खोट है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला हरियाणा के पक्ष में आ चुका है। वर्तमान भाजपा सरकार न तो इस फैसले को अभी तक लागू करवा पाई है और न ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल दो वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सर्वदलीय मुलाकात के लिए समय ले सके हैं। जिसके चलते इस सत्र में उन्होंने एसवाईएल के मुद्दे पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव विधानसभा सचिवालय को भेजा है।
भाजपा फैला रही है जहर : किरण चौधरी
किरण चौधरी ने बताया कि हरियाणा सरकार सदन के भीतर व बाहर खेतों में सिंचाई का पानी मुहैया करवाने के मुद्दे पर गुमराह करती रही है। भिवानी जिला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सिंचाई विभाग की टेल तक आज भी पानी नहीं पहुंच रहा है। जिसके चलते उन्होंने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से सरकार से टेल पर पानी पहुंचाए जाने के मुद्दे पर जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की बुरी हालत है। राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो की रिपोर्ट को अगर देखा जाए तो हरियाणा रेप की राजधानी बन चुका है। महिला उत्पीडऩ की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। अन्य किस्म के अपराध भी लगातार बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर गृहमंत्री बुरी तरह से फेल हुए हैं। इस मुद्दे पर भी हरियाणा सरकार से सदन के पटल पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से जवाब मांगा गया है।
पानी के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार : किरण चौधरी
किरण चौधरी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का जनाजा निकल चुका है। मुख्यमंत्री के गृह जिला करनाल समेत कई जगह पर छात्राएं एएनएम व जीएनएम की परीक्षाएं न होने के कारण परेशान हो रही हैं। सरकार द्वारा शुरू की विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत विकास धनराशि जारी नहीं की जा रही है। आगामी 2022 तक प्रदेश को टी.बी. व मलेरिया मुक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा बनाई जा रही योजनाओं, सरसों की खरीद तथा भावांतर भरपाई योजना का किसानों को लाभ नहीं मिल रहा है। इन सभी मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रीतपाल सिंह अंटाल, जर्नाद्धन ठाकुर समेत कई गणमान्य नेता मौजूद थे।
(राजेश जैन)


Download Android App
Download iOS App



