रेवाड़ी : जिले के गांव मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मेंं जबरन घुसने की जिद में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान उत्तेजित कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के लिए पुलिस हलका बल प्रयोग भी किया। तंवर के साथ युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चिरंजीव राव सहित सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दी।
तंवर यहां छात्रों से संवाद करने आए थे, लेकिन विवि प्रशासन ने उनकी एंटी पर रोक लगा दी। छात्रसंघ के चुनाव की जल्द संभावनाओं के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर का मीरपुर विश्वविद्यालय के छात्रों से संवाद का युवा मंत्रणा कार्यक्रम था। तंवर के आगमन की सूचना मिलने के बाद विवि प्रशासन ने उनकी (तंवर की) एंट्री पर रोक लगा दी। तंवर के आने से पहले भारी संख्या में पुलिस विश्वविद्यालय में तैनात कर दी गई और विवि के मुख्य गेटों पर ताले लगा दिए गए।
भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण कर्मचारी वर्ग को नौकरी से हाथ धोना पड़ रहा है : अशोक तंवर
जैसे ही तंवर वहां पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि विवि प्रशासन ने अंदर जाने की अनुमति नहीं दी है। जिसके बाद तंवर जबरदस्ती विवि में घुसने लगे तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं को खदेडऩे के लिए पुलिस ने बल प्रयोग भी किया।
– शशि सैनी