अम्बाला : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि हम सभी कांग्रेसजन श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में जनता के हकों की लड़ाई लड़ रहे हैं और भाजपा ने देश व प्रदेश में अराजकता और असुरक्षा का जो माहौल बनाया हुआ है उसे दूर करने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। जनता भाजपा के झूठे वादों और कुशासन से त्रस्त हो चुकी है और आज अम्बाला में इस विशाल जनसमुद्र में उफनते जनाक्रोश को देख कर यह सर्वविदित हो चुका है कि सत्ता परिवर्तन तय है।
विगत दिनों में जिस तरह पहले ऐतिहासिक साईकिल यात्रा ने खट्टर सरकार को जनता के सामने बेनकाब किया है और फिर सत्ता परिवर्तन रैली को लगातार मिल रहा यह अभूतपूर्व जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि भाजपा की जनविरोधी विचारधारा का अंत सुनिश्चित है। उपरोक्त बातें डॉ. तंवर ने अम्बाला शहर की अनाज मण्डी में आयोजित ‘सत्ता परिवर्तन रैली’ में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।
प्रदेश को किया भाजपा ने पूरी तरह से बर्बाद : अशोक तंवर
उन्होंने कहा कि 1857 की क्रान्ति हो, महात्मा गांधी जी आह्वान पर 1930 में चलाया गया सविनय अवज्ञा आन्दोलन हो, भारत छोड़ो आंदोलन हो या आजादी की लड़ाई हो, अम्बाला की धरती का देश के नवजागरण व निर्माण में हमेशा योगदान रहा है। डॉ. तंवर ने कहा कि अच्छे दिनों का वायदा कर लोगों की आंखों में धूल झोंकने वाली मोदी सरकार तथा कर्मयोगी हरियाणा की धरती की अकर्मण्य खट्टर सरकार के खिलाफ भी आज उसी चेतना की जरूरत है जो हरियाणा में सत्ता परिवर्तन ला सके।
उन्होंने कहा कि अम्बाला के लोगों ने हमेशा कांग्रेस पार्टी को ताकत देने का काम किया है। इस अवसर पर पूर्व सांसद चौ. ईश्वर सिंह, पूर्व मंत्री बिजेन्द्र सिंह कादियान, पूर्व विधायक राम स्वरूप रामा, रैली के आयोजक डॉ. कपूर सिंह, तरूण भंडारी, ओमप्रकाश देवीनगर, देवेन्द्र वर्मा, सुखविन्द्र जैलदार, राजेश मेहता, पवन अग्रवाल, रजत लोहट, जेडी साहा, रत्न लाल टोंक, हरबंस कक्कड् माजरा, विरेन्द्र दीक्षित, सोनू राणा, हरबंस पाली, सतीश कनोजिाया, सुच्चा सिंह बकनूर, राजी, अंजलि बंसल, वीरेन्द्र चौहान, तथा प्रदेश कांग्रेस के अग्रणी संगठनों व प्रकोष्ठों के पदाधिकरी उपस्थित थे।
(राजेन्द्र भारद्वाज)