गुरुग्राम : पिछले दिनों राजस्थान मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना व मिजोरम में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान कांगे्रस को जनता ने अपना भरपूर समर्थन दिया है और कांग्रेस अपनी सरकार बनाने जा रही है। इसी प्रकार लोकसभा चुनाव में भी जनता भाजपा को नकारते हुए कांग्रेस का ही साथ देगी। उक्त बात प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुड़गांव गांव स्थित पूर्व मंत्री चौधरी सुखबीर कटारिया के आवास पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा-इनैलो दोनों ही दल एक दूसरे के सहयोगी हैं। आने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनावों में इनका चेहरा बेनकाब हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि इनैलो नेता सरकार बनाने का दावा तो कर रहे हैं, लेकिन अपना घर उनसे संभल नहीं रहा है। इनैलो दोफाड़ हो चुकी है, उनके नेता ही एक दूसरे से सहमत दिखाई नहीं दे रहे तो प्रदेश में सरकार क्या बनाएंगे। जब पत्रकार द्वारा श्री हुड्डा से सवाल पूछा गया कि क्या दुष्यंत चौटाला द्वारा नई पार्टी के गठन से इनैलो को लाभ मिलेगा तो उन्होंने जबाव दिया कि दुष्यंत चाहे 2 या 4 पार्टी बनाएं, जनता इनको पूरी तरह से नकार देगी। एसवाईएल के मुददे पर इनैलो ने सिर्फ गंदी राजनीति की है।
प्रदेश की जनता को गुमराह करने का काम किया है। इनैलो का जेल भरो आंदोलन मात्र नाटक साबित हुआ है। इस आंदोलन में न तो कोई गिरफ्तारी हुई और न ही कोई रिहाई हुई है। एसवाईएल के नाम पर इनैलो ने भाजपा के घोटालों से जनता का ध्यान भटकाने का काम किया है। इनैलो भाजपा की बी टीम है।
प्रदेश में एसवाईएल का पानी न आने का ठीकरा इनैलो पर फोड़ते हुए उन्होंने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट का फैसला राजीव लोंगेवाल समझौता हरियाणा के पक्ष में हो गया था तो प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने प्रदेश के हितों को दांव पर लगाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से रिश्तेदारी निभाना ही बेहतर समझा।
जब पत्रकार ने पूछा कि पूर्व मंत्री चौधरी सुखबीर कटारिया ने कांग्रेस का साथ दिया था तो क्या समय आने पर कांग्रेस उनका एहसान उतारेगी। इस पर श्री हुड्डा ने जबाव दिया कि उन्होंने जो वायदा किया है, वह हमेशा पूरा किया है। पत्रकार द्वारा यह पूछे जाने पर कि आपका पूर्वमंत्री चौ. सुखबीर कटारिया के घर आने का क्या उद्देश्य है तो उन्होंने कहा कि सुखबीर कटारिया से उनके छोटे भाई हैं और पारिवारिक संबंध होने के नाते मेरा उनके यहां आना जाना लगा रहता है।
चौ. हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने गत साढ़े 4 वर्षों में विकास के नाम पर बस राजनीति करने के अलावा कुछ नहीं किया है। जनता को विकास के नाम पर गुमराह किया है। भाजपा तो पूंजीपतियों और भ्रष्टाचारियों का साथ देने का काम करती है। इस सरकार में बिजली मीटर घोटाला, धान घोटाला ऐसे अनेक घोटाले हैं, जिनको भाजपा ने अब तक दबाया हुआ है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री राव धर्मपाल, राव दान सिंह, प्रो. वीरेंद्र सिंह, पूर्व ओएसडी महेंद्र चोपड़ा, एडवोकेट संदीप कटारिया, निक्षित कटारिया, रणधीर मोहन, राजेंद्र नंबरदार, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनीष खटाना, पूर्व एसपी महाराज सिंह, समाजसेवी जयवीर गौड़, वीरेंद्र सरपंच, एडवोकेट सीके शर्मा, धर्मजीत कटारिया आदि मौजूद रहे।
– एमके अरोड़ा


Download Android App
Download iOS App



