रोहतक : अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर स्थानीय झज्जर रोड स्थित वैश्य महिला महाविद्यालय परिसर में सशक्त महिला परिषद् व वैश्य महिला महाविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हरियाणा महिला आयोग की चेयरमैन प्रतिभा सुमन, विशिष्ट अतिथि के तौर पर सीजेएम सुकीर्ति गोयल व समाजसेवी संध्या जैन रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता वैश्य महाविद्यालय की प्राचार्या प्रतिभा गर्ग व सशक्त महिला परिषद् की प्रधान मोनिका भटनागर ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर प्रतिभा सुमन ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। महिलाएं धीरे-धीरे ही सही लेकिन इतना सशक्त हो गई हैं कि वे अपने पैरों पर खड़ा होकर जीवन यापन कर सकें।
उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश में महिला अपराधों में वृद्धि हो रही है। जिससे यह साफ जाहिर है कि समाज में महिलाओं को अभी तक बराबरी का दर्जा नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलवाने के लिए सरकार कृतसंकल्प है। सीजेएम सुकीर्ति गोयल ने महिलाओं को शिक्षा के प्रति विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं पढ़-लिखकर ही स्वाभिमानी बन सकेंगी। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में महिलाओं ने अपनी अलग पहचान कायम की है। उन्होंने कहा कि अगर महिलाएं पढ़-लिखकर स्वावलंबी बनेंगी तो उन्हें समाज में और अधिक सशक्त भूमिका निभाने का मौका मिलेगा। सशक्त महिला परिषद् की प्रधान मोनिका भटनागर ने कहा कि महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी को प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि इसमें सरकार की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। इस अवसर पर डॉ. रेणू चुघ, पायल, इशिता, मुकेश देवी, मुन्नी गोदारा, चेतना अरोड़ा, आशा खत्री, डॉ. मंजू बाला, डॉ. मिनाक्षी कौशिक, एमटीएफसी, जन सेवा संस्थान व किरण गुप्ता को स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। इस मौके पर बाबा कालीदास, महामंडलेश्वर स्वामी परम चैतन्य, समाजसेवी जगमोहन मित्तल, सुभाष गुप्ता, अशोक गुलिया, अनीता भटनागर, अनीता जागलान, सुषमा आर्य सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– मनमोहन कथूरिया


Download Android App
Download iOS App



