ग्रेटर फरीदाबाद : हरियाणा रोडवेज के फरीदाबाद डिपो को यूपी के ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट से हुए समझौते के बाद यूपी के रूटों पर बस चलाने के लिए 26 नए रूट परमिट मिल गए हैं। परमिट मिलने के बाद अलीगढ़ रूट पर बस चला दी गई हैं, मगर अभी अन्य रूटों के लिए पर्याप्त बस नहीं है। इन रूटों पर बस चलाने के लिए हरियाणा रोडवेज ने २० नई बसों की डिमांड भेज दी है। ताकि यूपी के लखनऊ और कोटद्वार आदि रूटों पर बस चलाई जा सकें।
समझौत के अनुसार हरियाणा रोडवेज के फरीदाबाद डिपो की बसों को 7 परमिट आगरा, 10 परमिट अलीगढ़ रूट, 2 परमिट लखनऊ, 2 परमिट केदारनाथ, 2 परमिट ऋषिकेश, 2 परमिट कोटद्वार, 1 परमिट हरिद्वार का मिला है। पहली बार बल्लभगढ़ से सीधे लखनऊ, केदारनाथ के लिए हरियाणा रोडवेज की बसें चलेंगी। अब तक लखनऊ जाने के लिए आगरा या फिर दिल्ली जाना पड़ता है।
यूपी के रूटों पर बस चलाने के लिए 2 फरवरी को सूरजकुण्ड के होटल राजहंस में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और हरियाणा के सीएम मनोहर लाल की मौजूदगी में दोनों प्रदेशों के ट्रांसपोर्ट विभाग के सचिवों ने परमिटों को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। जिसके बाद दोनों राज्यों की ओर से जरूरी औपचारिताएं पूरी की गई। शुक्रवार को यूपी की ओर से 26 परमिट जारी कर दिए गए। फरीदाबाद औद्योगिक नगर होने की वजह से यहां पर यूपी के अलग अलग शहरों के काफी लोग नौकरी करने के लिए आते हैं। इन लोगों में सबसे ज्यादा अलीगढ़ रूट की परेशानी बनी हुई थी।
अलीगढ़ रूट पर शनिवार से बस सेवा शुरू कर दी गई है। जबकि अन्य रूटों पर अभी बस नहीं चलाई गई हैं। फरीदाबाद डिपो में बसों की संख्या 149 हैं। जिनमें से 40 बस कंडम घोषित होने के कगार पर पहुंच गई है। इसलिए कुल 109 बस ठीक हालत में बची हैं। ये बसें निर्धारित रूटों पर चलाई जा रही हैं। डिपो के जीएम भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यूपी से तय समझौते के अनुसार 26 परमिट मिल गए हैं। यूपी के अलीगढ़ रूट पर बस चला दी गई हैं। जबकि अन्य रूटों पर बस चलाने के लिए ट्रांसपोर्ट विभाग से 20 नई बस की डिमांड भेजी गई है। जिनके आने के बाद बस चला दी जाएंगी।
– राजेश नागर


Download Android App
Download iOS App



