चंडीगढ़ : हरियाणा में मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं के बीच एक बार फिर से मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया है। इस बार भी कैंची प्रदेश की एकमात्र महिला मंत्री कविता जैन के विभागों पर ही चली है। शुक्रवार को सरकार ने एक आदेश जारी करके कविता जैन से आर्ट एंड कल्चर विभाग वापस लेकर संसदीय कार्य मंत्री रामबिलास शर्मा को दे दिया है। यह दूसरा मौका है जब कविता जैन के विभागों में बदलाव किया गया है। हरियाणा में इस समय मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा आठ कैबिनेट मंत्री व पांच राज्य मंत्री हैं। प्रोटोकॉल के हिसाब से रामबिलास शर्मा शुरू से ही मुख्यमंत्री के बाद नंबर दो पर हैं जबकि विभागों के मामले में वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु सभी मंत्रियों पर भारी रहे हैं। भाजपा सरकार के सत्ता में आने पर कैप्टन अभिमन्यु के पास जहां कुल 13 विभाग थे वहीं आज उनके पास विभागों की संख्या कम होकर आठ रह गई है।
कविता जैन के पति राजीव जैन को मुख्यमंत्री का मीडिया सलाहकार नियुक्त किए जाने के बाद बीती छह अप्रैल को सरकार ने कविता जैन के पास से सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग वापस ले लिया था। जिसे मुख्यमंत्री ने अपने पास रख लिया था। वर्तमान में हरियाणा की एकमात्र महिला मंत्री के पास आर्ट एंड कल्चर मामले, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय व शहरी निकाय मंत्रालय था। शुक्रवार को एक आदेश जारी करके कविता जैन से आर्ट एंड कल्चर का कार्यभार वापस लेकर रामबिलास शर्मा को दे दिया गया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रियों के सम्मेलन में कविता जैन ने पेश की रिपोर्ट
राम बिलास शर्मा इससे पहले शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, संसदीय कार्य मंत्रालय, पर्यटन, निर्वाचन, हॉस्पीटैलिटी, आर्किलॉजी एवं म्यूजियम विभाग का कामकाज देख रहे हैं। अब उन्हें आर्ट एंड कल्चर की जिम्मेदारी भी दे दी गई है। नए आदेशों के बाद रामबिलास शर्मा के पास भी अब आठ विभाग को हो गए हैं। मनोहर सरकार में अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पास कुल 11 विभाग हैं। उनके बाद प्रोटोकॉल के हिसाब से दूसरे नंबर पर आठ विभागों के साथ रामबिलास शर्मा तथा आठ विभागों के साथ ही तीसरे स्थान पर कैप्टन अभिमन्यु हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ओ.पी.धनखड़ से सिंचाई विभाग का कार्यभार अपने पास लिया था।
(राजेश जैन)