पिपली : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ऐलान किया है कि अगर जनता ने उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनने का मौका दिया तो किसान की जमीन नीलाम नहीं होने दी जाएगी। किसानों को फसलों के भाव ज्यादा मिलने के साथ-साथ किसानों के कर्ज माफ करने का काम किया जाएगा। जनता को बिजली पूरी मिलने के साथ दाम आधे कर दिए जाएंगे। इनेलो और भाजपा की लूट और झूठ की राजनीति उजागर हो चुकी है। जनता भाजपा को हटाने के मूड़ में बैठी है। वे जनक्रांति रथ यात्रा के दौरान मंगलवार को गांव उमरी में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने भाजपा पर ताबड़तोड़ हमले बोलते हुए कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में 154 वायदे करके भाजपा सभी वायदे भूल गई। भाजपा ने किसानों को बर्बादी के कगार पर ला दिया है। किसानों का दम भरने वाली भाजपा सरकार में नौ पैसे किलो आलू बिकना शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि इनेलो और भाजपा की मिलीभगत से साबित हो गया है कि दोनों पार्टियां अंदरखाते मिली हुई हैं। विधानसभा में 25 लाख बीपीएल परिवारों के राशनकार्ड के मामले में इनेलो ने भाजपा का साथ देना इस बात का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अब जनता जाग चुकी है। झूठ व लूट की राजनीति ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस की सरकार आने पर बुजुर्गों को 3000 रुपये पैंशन दी जाएगी। किसान के सभी फसली कर्जे माफ कर दिए जाएंगे।
हुड्डा ने अभय चौटाला के बयान को बताया निंदनीय
बिजली के बिल आधे करने के साथ साथ उपभोक्ताओं को पूरी बिजली मुहैया कराई जाएगी। इतना ही नहीं बीपीएल परिवारों के कटे 25 लाख राशनकार्डों को फिर से बहाल किया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि चार साल के शासनकाल में सरकार किसी भी एक गरीब परिवार को प्लाट मुहैया नहीं करा सकी है, जबकि उनकी सरकार में लाखों बीपीएल परिवारों को 100-100 गज के प्लाट दिए गए थे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में अराजकता का माहौल बन गया है। प्रदेश में बेटियों पर रोजाना दुष्कर्म व अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। गुंडे प्रदेश में दिनदहाड़े हत्या, लूट, डकैती व कांड कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार आने पर सभी गुंडो को प्रदेश से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। जनक्रांति रथयात्रा में उत्साहित भीड़ को देखकर उन्होंने कहा कि वे उनकी सभी मांगें पूरी कर देंगे, बस थोड़ा सा हांगा लगा दो। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पूर्व राजनैतिक सलाहकार प्रो वीरेंद्र, जिप के पूर्व चेयरमैन मेवा सिंह, कांगे्रस के पूर्व जिला प्रधान पवन गर्ग, विनोद गर्ग, भीम मलिक उमरी, राजबीर रतगल, मोहन लाल भांवरा, जिंदल हाउस के प्रभारी राजेश कुमार, चांदवीर हुड्डा व सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
– जरनैल


Download Android App
Download iOS App



